खबरें शेयर करें -

हल्द्वानी बेस अस्पताल को मिली बड़ी सौगात: 9 बेड का अत्याधुनिक ICU शुरू, सीमांत क्षेत्रों के मरीजों को बड़ी राहकी

हल्द्वानी, 4 दिसंबर 2025
दर्पण न्यूज 24*7।

हल्द्वानी के बेस अस्पताल में करीब 2 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 9 बेड वाले अत्याधुनिक ICU (गहन चिकित्सा इकाई) का गुरुवार से संचालन शुरू हो गया है। इस ICU के शुरू होने से अब कुमाऊं के गंभीर मरीजों को इलाज के लिए हायर सेंटर या महंगे प्राइवेट अस्पतालों का सहारा नहीं लेना पड़ेगा।

नए ICU का उद्घाटन जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल एवं विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से किया।

जिलाधिकारी ने बताया कि ICU में एक्सपर्ट डॉक्टरों और अनुभवी नर्सिंग स्टाफ की तैनाती की गई है। ICU का संचालन 24 घंटे विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में होगा, जिससे गंभीर मरीजों को उच्च स्तरीय उपचार मिल सकेगा।

महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि बेस अस्पताल में ICU की सुविधा शुरू होना आम जनता, विशेषकर गरीबों के लिए बड़ी राहत है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरीश चंद्र पंत ने बताया कि ICU में 4 एनेस्थेटिक डॉक्टर, 4 अनुभवी नर्सिंग स्टाफ, तथा 3 सर्जन व 3 फिजिसियन को रोटेशन के आधार पर तैनात किया गया है। नई सुविधा से बेस अस्पताल में उपचार व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।

उद्घाटन कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री सुरेश भट्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक, विभिन्न चिकित्सक, मेडिकल स्टाफ और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

उत्तराखंड