खबरें शेयर करें -

हरिपुरा जलाशय के पास बड़ा खुलासा! सरकारी भूमि को फर्जी दस्तावेजों पर बेचने का आरोप, सिंचाई विभाग ने थाने में दी तहरीर।

रुद्रपुर/गदरपुर: हरिपुरा जलाशय के समीप ठंडा नाला—गूलरभोज क्षेत्र में सरकारी भूमि पर वर्षों से चल रहे अतिक्रमण की जांच के दौरान बड़ा घोटाला सामने आया है। सिंचाई विभाग की टीम ने शनिवार को प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में नियन्त्राणीन वन भूमि पर अतिक्रमण चिन्हीकरण की कार्यवाही की। इस दौरान कुछ व्यक्तियों ने चौकाने वाला खुलासा किया कि जिस जमीन पर वे बैठे हैं, उसे उन्हें एक व्यक्ति ने फर्जी तरीके से बेचा था।

असगर अली पर गंभीर आरोप—फर्जी स्टाम्प बनाकर बेची सरकारी भूमि
अतिक्रमणकारियों ने बताया कि श्री असगर अली पुत्र लाहोरी शाह ने सरकारी भूमि को अपना बताकर कूट रचना के माध्यम से फर्जी कागज तैयार किए और धोखाधड़ी कर जमीन बेच दी। सिंचाई विभाग को इस संबंध में स्टाम्प की प्रतियां भी उपलब्ध कराई गई हैं।

सिंचाई विभाग ने दर्ज कराने को कहा मुकदमा
सहायक अभियंता पंकज डौंडीयाल ने मामले को अत्यंत गंभीर मानते हुए गदरपुर थानाध्यक्ष को पत्र जारी किया है। पत्र में कहा गया है कि सरकारी भूमि को फर्जी स्टाम्प बनाकर बेचा जाना राजकीय संपत्ति को क्षति पहुंचाने की साजिश है। विभाग ने पुलिस से मांग की है कि असगर अली के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सुसंगत धाराओं में कड़ी कार्रवाई की जाए।

प्रशासन भी हुआ सतर्क
मामले की प्रति अधिशासी अभियंता, सिंचाई खंड रुद्रपुर और उपजिलाधिकारी गदरपुर को भी भेजी गई है ताकि आगे की कार्रवाई में तेजी लाई जा सके।

स्थानीय क्षेत्र में चर्चा तेज
घटना के सामने आने के बाद गूलरभोज व आसपास के क्षेत्रों में हड़कंप मच गया है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर सरकारी भूमि को फर्जी दस्तावेजों के सहारे कब से बेचा जा रहा था और इस खेल में और कौन-कौन शामिल है।

फिलहाल मामला पुलिस की कार्रवाई का इंतजार कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

उत्तराखंड