राशन कार्डधारकों को राहत: ई-केवाईसी की अंतिम तिथि 31 दिसंबर तक बढ़ी।
देहरादून। प्रदेश के लाखों सरकारी राशन उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिली है। जिन उपभोक्ताओं का अभी तक ई-केवाईसी सत्यापन नहीं हो पाया है, उनके लिए सरकार ने एक और अवसर देते हुए अंतिम तिथि 31 दिसंबर तक बढ़ा दी है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अनुसार कोई भी पात्र व्यक्ति राशन से वंचित न रहे, इसी उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।
प्रदेश में ई-केवाईसी के लिए पहले 30 नवंबर अंतिम तिथि निर्धारित की गई थी, लेकिन इसके बावजूद करीब 26 लाख उपभोक्ता सत्यापन से वंचित रह गए थे। इसके बाद सरकार ने अंतिम तिथि 15 दिसंबर तक बढ़ाई, फिर भी लगभग 40 प्रतिशत राशन कार्डधारकों का सत्यापन अब तक नहीं हो पाया है।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि अब राशन कार्डधारक 31 दिसंबर तक ई-केवाईसी करा सकते हैं। इस संबंध में विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक उपभोक्ताओं का सत्यापन समय पर पूरा कराया जा सके।
