खबरें शेयर करें -

ग्रामीण अंचल में शिक्षा की मिसाल बना बीबीवीएम, ‘अभ्युदय’ थीम पर सजा वार्षिक अधिवेशन।
कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत बोले— ग्रामीण बच्चों को कॉन्वेंट जैसी शिक्षा देकर बदली तस्वीर।
“शिक्षा ही राष्ट्र और समाज के अभ्युदय का मूल आधार है। डॉ मोहन सिंह बिष्ट।
हल्द्वानी।
भारत बाल विद्या मंदिर (बीबीवीएम) सीनियर सेकेंडरी स्कूल किशनपुर सकुलिया मोटाहल्दू में सोमवार को ‘अभ्युदय’ थीम पर आयोजित वार्षिक अधिवेशन समारोह हर्षोल्लास और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि “शिक्षा ही राष्ट्र और समाज के अभ्युदय का मूल आधार है,” जबकि विशिष्ट अतिथि कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत ने विद्यालय द्वारा ग्रामीण बच्चों को कॉन्वेंट स्कूलों की तर्ज पर दी जा रही शिक्षा को क्षेत्र के लिए प्रेरणादायी बताया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत ने कहा—
“ग्रामीण परिवेश में रहकर भारत बाल विद्या मंदिर ने शिक्षा के क्षेत्र में अनुकरणीय कार्य किया है। निर्धन और ग्रामीण बच्चों को कॉन्वेंट स्कूलों की तर्ज पर आधुनिक सुविधाओं के साथ शिक्षित कर यह विद्यालय पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा बन चुका है।”
इसके उपरांत लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने कहा—
“शिक्षा ही राष्ट्र और समाज के अभ्युदय का मूल आधार है। बीबीवीएम जैसे संस्थान बच्चों को संस्कारों के साथ आधुनिक शिक्षा देकर उन्हें जिम्मेदार और सक्षम नागरिक बना रहे हैं।”
उन्होंने विद्यालय के विकास हेतु दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने नृत्य, नाटक, गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों का मन मोह लिया।
विद्यालय की प्रधानाचार्य शैजल भट्ट ने कहा कि ‘अभ्युदय’ थीम बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सोच का विकास करती है।
विद्यालय की संस्थापिका आनंदी गड़िया ने अतिथियों, अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा—
“समाज के सहयोग और विश्वास से ही ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा का यह प्रयास सफल हो पाया है। सभी के सहयोग से विद्यालय निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है।”
विद्यालय के प्रबंधक दिलीप सिंह गड़िया ने कहा—
“हम सभी जनप्रतिनिधियों, अतिथियों और अभिभावकों के प्रति हृदय से आभारी हैं। बच्चों की आज की प्रस्तुतियां पूरे विद्यालय परिवार के सामूहिक परिश्रम का परिणाम हैं।”
नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स इंडिया के मुख्य संरक्षक संजय तलवार ने विद्यालय के शैक्षणिक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे संस्थान समाज को सही दिशा प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों को सम्मानित किया गया। समारोह में ग्राम प्रधान संगठन अध्यक्ष गोपाल अधिकारी, प्रधान केशव पंत, पूर्व प्रधान विपिन जोशी, क्षेत्र पंचायत सदस्य हरीश कबड़वाल, भाजपा जिला मंत्री रुक्मणि बचखेती, पूर्व सैनिक शिरोमणि चौबे,वरिष्ठ भाजपा नेता दिनेश खुलवे,भाजपा नेत्री तारा चंदोला,बबीता चंदोला सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

उत्तराखंड