हरिद्वार में इंसानियत शर्मसार: मानसिक रूप से कमजोर महिला को खंभे से बांधकर पीटा, वीडियो वायरल।
हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र की लेबर कॉलोनी में मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। मानसिक रूप से कमजोर एक महिला को खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया है। पुलिस ने महिला के बेटे की तहरीर पर छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस के अनुसार, शुभम पुत्र लखमीचंद, निवासी लेबर कॉलोनी रानीपुर ने शिकायत में बताया कि शनिवार सुबह करीब 5:40 बजे उनकी माता सुनीता घर से टहलने के लिए निकली थीं। इसी दौरान वह किसी के घर में चली गईं। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर कॉलोनी निवासी राहुल, इंदर, आशु, नागेश, राकेश और एक अज्ञात महिला ने सुनीता को खंभे से बांधकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। पिटाई के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही शुभम मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में अपनी मां को महिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार किया गया। शुभम ने बताया कि उनकी मां की मानसिक स्थिति पहले से ही ठीक नहीं है।
रविवार को इस अमानवीय कृत्य का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि महिला को खंभे से बांधकर पीटा जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया।
कोतवाली प्रभारी शांति कुमार गंगवार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पांच आरोपियों को नामजद किया गया है, जबकि एक महिला आरोपी की पहचान की जा रही है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।
खुद हाथ में क्यों लिया कानून?
घटना के बाद आमजन में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि यदि महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ थी और गलती से किसी के घर में चली गई थी, तो इसकी सूचना पुलिस को दी जानी चाहिए थी। किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने और एक बेसहारा महिला को खंभे से बांधकर पीटने का अधिकार नहीं है। लोगों ने इस घटना को बेहद शर्मनाक और इंसानियत पर धब्बा बताया है।
