जहाँ राजनीति मौन रही, वहाँ जनसेवा ने काम किया
संजय पाण्डे की पहल रंग लाई, अल्मोड़ा जन सुविधा केंद्र में जनवरी से बहाल होगी खाता-खतौनी सेवा।
अल्मोड़ा।
नगर निगम परिसर स्थित जन सुविधा केंद्र में लंबे समय से बंद पड़ी खाता-खतौनी की ऑनलाइन सेवा अब पुनः शुरू होने जा रही है। रेवेन्यू बोर्ड ने सामाजिक कार्यकर्ता संजय पाण्डे को मोबाइल पर आधिकारिक सूचना देकर सेवा बहाली की पुष्टि की है। जनवरी 2026 से यह सुविधा दोपहर 12 बजे तक उपलब्ध रहेगी।
पिछले करीब एक वर्ष से सेवा बंद रहने के कारण किसानों, बुजुर्गों और दूरदराज से आने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। रेवेन्यू बोर्ड के अनुसार, बीते वर्ष हुए साइबर अटैक के चलते तकनीकी व्यवस्था प्रभावित हुई थी, जिसे अब दुरुस्त कर लिया गया है।
इस जनहित मुद्दे को संजय पाण्डे ने पहले कुमाऊँ कमिश्नर और फिर रेवेन्यू बोर्ड तक पहुंचाया। बिना किसी धरना-प्रदर्शन या शोर-शराबे के, सिर्फ प्रशासनिक संवाद और तथ्यों के आधार पर उन्होंने यह सफलता हासिल की।
संजय पाण्डे ने राजनीतिक दलों की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता की वास्तविक समस्याओं पर राजनीति नहीं, जिम्मेदारी दिखनी चाहिए।
सेवा बहाली को लेकर अल्मोड़ा की जनता में खुशी है और इसे सच्ची, परिणाम आधारित जनसेवा की जीत माना जा रहा है।
