खबरें शेयर करें -

कड़ाके की ठंड में भी नहीं टूटा हौसला: पेंशन बहाली को लेकर 82वें दिन भी जारी आंदोलन, क्रमिक अनशन 72वें दिन में प्रवेश।

दर्पण न्यूज 24/7ब्यूरो
देहरादून।
पेंशन बहाली की मांग को लेकर सेवानिवृत्त कार्यप्रमाणित से नियमित कर्मचारियों का आंदोलन कड़ाके की ठंड के बावजूद लगातार जारी है। सेवानिवृत्त कार्यप्रमाणित से नियमित कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति (सिंचाई विभाग एवं लोक निर्माण विभाग) उत्तराखंड के बैनर तले चल रहा यह आंदोलन मंगलवार को अपने 82वें दिन में प्रवेश कर गया, जबकि क्रमिक अनशन 72वें दिन भी जारी रहा।
संघर्ष समिति के पदाधिकारियों एवं आंदोलनकारियों ने कहा कि ठंड, बारिश और प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद कर्मचारियों के हौसले कमजोर नहीं पड़े हैं। पेंशन बहाली की मांग को लेकर आंदोलनकारी लगातार धरना-प्रदर्शन और क्रमिक अनशन के माध्यम से सरकार का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं, लेकिन अब तक शासन स्तर पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है, जिससे कर्मचारियों में रोष व्याप्त है।
आंदोलनकारियों का कहना है कि उन्होंने विभागों में वर्षों तक ईमानदारी और निष्ठा से सेवा दी है, इसके बावजूद पेंशन जैसे संवैधानिक अधिकार से उन्हें वंचित रखा जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक पेंशन बहाली की मांग पूरी नहीं होती, तब तक आंदोलन और क्रमिक अनशन अनवरत जारी रहेगा।
संघर्ष समिति ने सरकार से शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और अधिक उग्र किया जा सकता है। आंदोलन स्थल पर बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त कर्मचारी मौजूद रहे और एकजुटता के साथ नारेबाजी कर अपनी मांगों को दोहराया।

उत्तराखंड