खबरें शेयर करें -

औचक निरीक्षण में खुली पोल: गैरहाजिर प्रधानाध्यापक निलंबित, सेवा विस्तार ले रहे शिक्षक को किया सेवानिवृत्त
खबर: दर्पण न्यूज 24/7
रुद्रपुर। स्कूलों में अनुशासन और व्यवस्थाओं को लेकर शिक्षा विभाग सख्त रुख अपनाए हुए है। इसी क्रम में बिना सूचना विद्यालय से अनुपस्थित रहने पर जिला शिक्षाधिकारी (डीईओ) ने जसपुर के राजकीय प्राथमिक विद्यालय इस्लामनगर के प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया है। वहीं, इसी विद्यालय में सेवा विस्तार का लाभ ले रहे सहायक अध्यापक को तत्काल प्रभाव से सेवानिवृत्त कर दिया गया है।
सोमवार सुबह करीब 11 बजे डीईओ हरेंद्र कुमार मिश्रा ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय इस्लामनगर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रधानाध्यापक सौरभ कुमार बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए। इसके अलावा विद्यालय की कक्षाओं और परिसर में गंदगी, शैक्षणिक अनुशासन की कमी तथा अन्य शिक्षकों को अनुशासनहीनता में सहयोग करने जैसी गंभीर अनियमितताएं भी सामने आईं। इन खामियों को देखते हुए प्रधानाध्यापक को निलंबित कर उपशिक्षाधिकारी कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया।
निरीक्षण में यह भी पाया गया कि विद्यालय की दैनिक पंजिका में छात्रों की उपस्थिति बेहद कम दर्ज थी। मध्यान्ह भोजन योजना के अंतर्गत उपयोग होने वाले चावल व अन्य सामग्री का समुचित भंडारण भी नहीं था। इस पर डीईओ ने सख्त कार्रवाई करते हुए सेवा विस्तार का लाभ ले रहे सहायक अध्यापक भूरे सिंह का सत्रांत लाभ निरस्त कर उन्हें तत्काल कार्यमुक्त करते हुए सेवानिवृत्त कर दिया।
इस संबंध में डीईओ हरेंद्र कुमार मिश्रा ने कहा कि विद्यालय में अनियमितताएं किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। बिना सूचना गैरहाजिर रहने पर प्रधानाध्यापक को निलंबित किया गया है, जबकि गंभीर लापरवाही पाए जाने पर सहायक अध्यापक को सेवानिवृत्त किया गया है। शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए ऐसे औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।

उत्तराखंड