खबरें शेयर करें -

शनि बाजार रोड पर गरजा बुलडोजर, अतिक्रमण पर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई।
दर्पण न्यूज 24/7संवाददाता हल्द्वानी।
नगर निगम ने शहर में अतिक्रमण के खिलाफ एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। शनि बाजार क्षेत्र में प्रस्तावित नाला निर्माण कार्य के लिए सड़क किनारे किए गए पक्के अतिक्रमण को जेसीबी मशीन की मदद से ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर निगम अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम मौजूद रही।
बताया गया कि शनि बाजार रोड पर लंबे समय से नाला निर्माण प्रस्तावित है, लेकिन अतिक्रमण के कारण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा था। इससे क्षेत्र में जलभराव की समस्या बनी हुई थी, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमणकारियों को पूर्व में नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई थी, इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया। मजबूरन निगम को सख्त कदम उठाना पड़ा।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नाला निर्माण पूरा होने से क्षेत्र में जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी और यातायात व्यवस्था भी सुचारु होगी। नगर निगम ने दो टूक शब्दों में कहा है कि शहर के विकास कार्यों में बाधा बनने वाले अतिक्रमण के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
👉 दर्पण न्यूज 24/7