खबरें शेयर करें -

बहेड़ी पुलिस का बड़ा एक्शन: गफ्फार खान की निशानदेही पर विदेशी पिस्टल, 2 तमंचे और 12 कारतूस बरामद!

हथियार तस्करी नेटवर्क पर पुलिस का शिकंजा, बंद पड़े ईंट भट्ठे से मिला जखीरा!

दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो | बहेड़ी

बहेड़ी पुलिस ने अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस कस्टडी रिमांड  पर लिए गए आरोपी गफ्फार खान की निशानदेही पर एक विदेशी पिस्टल, दो अवैध तमंचे और 12 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। बरामद हथियार एक बंद पड़े ईंट भट्ठे में ईंटों के चट्टे के बीच छिपाकर रखे गए थे। इस खुलासे के बाद हथियार तस्करी नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।

पुलिस के अनुसार न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद 2 जून 2026 को गफ्फार खान को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने नारायण नंगला रोड स्थित बंद पड़े ईंट भट्ठे में हथियार छिपाए जाने की जानकारी दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली तो ईंटों के ढेर में छिपा एक थैला बरामद हुआ।

थैले से एक विदेशी 7.65 बोर पिस्टल, सात जिंदा कारतूस, दो अवैध 315 बोर तमंचे तथा पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए। बरामदगी के बाद पुलिस ने हथियारों को कब्जे में लेकर जांच तेज कर दी है।

गौरतलब है कि 19 फरवरी 2026 को थाना बहेड़ी पुलिस ने तसलीम और सोमू खान उर्फ औशाफ को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पांच पिस्टल और 38 कारतूस बरामद किए थे। पूछताछ में खुलासा हुआ था कि यह खेप उधम सिंह नगर के दरऊ गांव निवासी गफ्फार खान और समी तक पहुंचाई जानी थी।

इसी मामले में आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसकी विवेचना उपनिरीक्षक रजनीश कुमार द्वारा की जा रही है।

पुलिस के अनुसार इस हथियार तस्करी प्रकरण में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। फरार चल रहे गफ्फार खान और समी को 20 मई 2026 को रुद्रपुर-किच्छा रोड क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया था।

गफ्फार खान की रिमांड के दौरान हुई इस बड़ी बरामदगी को पुलिस हथियार तस्करी नेटवर्क के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता मान रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

बंद पड़े ईंट भट्ठे से विदेशी पिस्टल और अवैध हथियारों का जखीरा मिलना इस बात का संकेत है कि क्षेत्र में सक्रिय हथियार तस्करी गिरोह लंबे समय से संगठित तरीके से काम कर रहा था। पुलिस की इस कार्रवाई से नेटवर्क के कई और राज खुलने की संभावना है।