खबरें शेयर करें -

जिले में सड़क सुरक्षा को मिलेगी गति: D.M. ने दिए कड़े निर्देश, ब्लैक स्पॉट्स पर होगी त्वरित कार्रवाई—उल्लंघनकर्ताओं पर सख्त कार्रवाई के आदेश।

दर्पण न्यूज 24/7
हल्द्वानी! जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने गुरुवार को कैंप कार्यालय हल्द्वानी में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक लेते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में यातायात व्यवस्था को सरल, सुगम एवं सुरक्षित बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम तत्काल प्रभाव से उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि पुलिस, परिवहन और राजस्व विभाग संयुक्त रूप से नियमित प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने लालकुआं, हल्दूचौड़, गोरापड़ाव और तीनपानी जैसे अत्यधिक दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि एनएच की तकनीकी जांच टीम द्वारा चिन्हित सड़क डिजाइनिंग एवं तकनीकी खामियों को शीघ्र सुधारा जाए, ताकि दुर्घटनाओं पर रोक लग सके।
उन्होंने बताया कि जिले में 121 दुर्घटना संभावित स्थल व ब्लैक स्पॉट्स चिह्नित किए जा चुके हैं। सड़क निर्माण, राजस्व, परिवहन और पुलिस विभाग संयुक्त निरीक्षण कर रोड सेफ्टी सुधार कार्य कराएं तथा जहां अतिक्रमण हो, उसे तत्काल अभियान चलाकर हटाया जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि निर्माणाधीन सड़कों का विभाग संयुक्त निरीक्षण करे। जहां भी गड्ढे, निर्माण सामग्री, पानी का रिसाव आदि दिखाई दे, उसकी फोटो–वीडियो भेजकर संबंधित एजेंसी से तुरंत सुधार कराया जाए। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं को रोकना जिला प्रशासन की शीर्ष प्राथमिकता है।
उन्होंने सड़क किनारे अनियंत्रित फड़–खोखे हटाने, सड़क किनारे खड़े वाहनों पर चालान तथा टोइंग कार्रवाई के निर्देश दिए। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों, स्टंट करने वालों, ओवर स्पीडिंग और नशे में वाहन चलाने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त किए जाएंगे। स्कूल–कॉलेजों में जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि यातायात नियम तोड़ने वालों, हेलमेट व सीट बेल्ट न लगाने वालों, ट्रिपल राइडिंग करने वालों, मोबाइल पर वाहन चलाने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। उनका उद्देश्य है कि जिले के नागरिकों के साथ–साथ पर्यटक भी सुरक्षित एवं सुखद अनुभव लेकर लौटें।
बैठक में अधीक्षण अभियंता लोनिवि मनोहर सिंह धर्मशक्तू, पुलिस अधीक्षक (नगर) मनोज कत्याल, संभागीय परिवहन अधिकारी गुरदेव सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

उत्तराखंड