








संस्कृति संग उमंग
बिंदुखत्ता में उत्तरायणी कौतिक की धूम, लोकसंस्कृति संरक्षण पर अतिथियों ने दिया जोर।
खेल, कला और संस्कृतियों के रंग में सराबोर रहा दूसरा दिन।
दर्पण न्यूज 24/7 लालकुआं। संवाददाता
जनता इंटर कॉलेज मेला मैदान, बिंदुखत्ता में आयोजित पांच दिवसीय उत्तरायणी कौतिक एवं मेला अपने पूरे शबाब पर है। मंगलवार को मेले के दूसरे दिन कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि महामंडलेश्वर श्री सोमेश्वर यति जी महाराज एवं विशिष्ट अतिथि ईएसआई निदेशक जीवन कबड़वाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। पारंपरिक धुनों और उत्साहभरे माहौल के बीच शुरू हुआ यह सांस्कृतिक पर्व 16 जनवरी तक चलेगा।
मुख्य अतिथि महामंडलेश्वर सोमेश्वर यति जी महाराज ने कहा कि उत्तरायणी जैसा पर्व हमारी सनातन संस्कृति और लोक परंपराओं का जीवंत प्रतीक है, जो युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ता है और समाज में एकता व सद्भाव को मजबूत करता है। वहीं विशिष्ट अतिथि जीवन कबड़वाल ने कहा कि कौतिक जैसे आयोजन सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना और खेल भावना को नई ऊर्जा देते हैं।
मेले के दूसरे दिन खेलों का रोमांच भी चरम पर रहा। क्षेत्रीय विद्यालयों और स्थानीय टीमों के बीच वॉलीबॉल प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले गए। इसके साथ ही खो-खो प्रतियोगिता ने भी युवाओं में उत्साह भर दिया।
आगे होंगे ये आकर्षक कार्यक्रम
मेला समिति के अध्यक्ष दीप चंद्र जोशी ने बताया कि 14 से 16 जनवरी तक लोकनृत्य एवं भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित होंगी। समापन दिवस 16 जनवरी की स्टार नाइट में लोकप्रिय लोक कलाकार माया उपाध्याय, जितेंद्र तोमक्याल, अमित बाबू गोस्वामी, शेर सिंह दानू, दीक्षा तोमक्याल, चेतन पांडे सहित कई अन्य कलाकार प्रस्तुति देंगे।
उन्होंने बताया कि मकर संक्रांति के अवसर पर बुधवार सुबह 8 बजे मां हाट कालिका मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रमों का शुभारंभ होगा।
वॉलीबॉल में बालाजी क्लब का जलवा – दर्शकों ने जमकर बजाई तालियां
द्वितीय दिवस पर वॉलीबॉल प्रतियोगिता कौतिक का मुख्य आकर्षण रही। रोमांचक फाइनल में बालाजी क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कॉलर हेवन को हराकर खिताब अपने नाम किया। मैच के दौरान खिलाड़ियों के तेज स्मैश, जबरदस्त बचाव और उम्दा सर्विस ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
साथ ही खेल, कला और बौद्धिक प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित हुए—
लंबी कूद (सीनियर बॉयज): राहुल बिष्ट प्रथम, शुभम द्वितीय, भूपेश तृतीय
जूनियर बॉयज: अभय सिंह प्रथम, हर्षित वैष्णव द्वितीय, धीरज सिंह तृतीय
निबंध प्रतियोगिता: हिमानी रावत प्रथम, वेदांश त्रिपाठी द्वितीय, पहल जोशी तृतीय
चित्रकला प्रतियोगिता: जानवी प्रथम, प्रखर द्वितीय, प्रार्थना तृतीय
खो-खो:
जूनियर बॉयज— एसकेएम प्रथम, सिद्धांत अकादमी द्वितीय, बजरंगी चैंप तृतीय
जूनियर गर्ल्स व सीनियर गर्ल्स— स्कॉलर हेवन प्रथम
सीनियर बॉयज— एसकेएम प्रथम, स्कॉलर हेवन द्वितीय, जेएसआर तृतीय
फोटो परिचय: वॉलीबॉल फाइनल में विजेता व उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान करते मुख्य अतिथि महामंडलेश्वर सोमेश्वर यति जी महाराज, विशिष्ट अतिथि जीवन कबड़वाल, मेला समिति के पदाधिकारी एवं क्षेत्रवासी।
यह उत्तरायणी कौतिक न केवल उत्सव का प्रतीक बन गया है, बल्कि संस्कृति, खेल, परंपरा और सामाजिक सद्भाव का संगम बनकर पूरे क्षेत्र को उत्साह से सराबोर कर रहा है।
