प्रधानमंत्री के शिलान्यास वाली 91 में से मात्र 18 परियोजनाएं पूर्ण!
मुख्य सचिव ने की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा
सभी परियोजनाओं को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश!
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो उत्तराखंड | प्रमोद बमेटा
देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्धन ने गुरुवार को सचिवालय में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शिलान्यास की गई विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों के अंतर्गत संचालित इन योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की विस्तृत जानकारी ली।
मुख्य सचिव ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं की निरंतर निगरानी करते हुए उन्हें निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि जो परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, लेकिन अभी तक उनका लोकार्पण नहीं हुआ है, उनका शीघ्र लोकार्पण सुनिश्चित किया जाए ताकि आमजन को इनका लाभ मिल सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि गतिमान परियोजनाओं को समय पर पूरा कराने के लिए संबंधित विभाग प्रो-एक्टिव होकर कार्य करें। जिन परियोजनाओं में एक से अधिक विभाग जुड़े हुए हैं, वहां आपसी समन्वय से समस्याओं का त्वरित समाधान करते हुए कार्य पूर्ण कराया जाए। साथ ही, नियोजन विभाग को प्रधानमंत्री के शिलान्यास से संबंधित परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश भी दिए गए।
बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने एमडी यूजेवीएनएल को लखवाड़ बहुद्देश्यीय परियोजना में तेजी लाने के लिए केन्द्रीय जल आयोग को शीघ्र डिजाइन और शेड्यूल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में जानकारी दी गई कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा विभिन्न विभागों की कुल 22,015.76 करोड़ रुपये लागत की 91 परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया था। इनमें से अब तक 18 परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, जिनमें से 6 का लोकार्पण हो चुका है, जबकि 12 परियोजनाओं का लोकार्पण अभी शेष है। शेष 73 परियोजनाओं का कार्य विभिन्न स्तरों पर प्रगति पर है, जिनमें से अधिकांश के मार्च 2026 तक पूर्ण होने की संभावना जताई गई है।
इस अवसर पर विशेष प्रमुख सचिव अमित कुमार सिन्हा, सचिव नीतेश कुमार झा, डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा, डॉ. एस.एन. पाण्डेय, युगल किशोर पंत, अपर सचिव विनीत कुमार, नवनीत पाण्डेय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
