








हल्दूचौड़ के हिमांशु उप्रेती बने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के लॉ ऑफिसर, क्षेत्र में हर्ष की लहर।
लालकुआं/हल्दूचौड़।
क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बनते हुए हल्दूचौड़ निवासी हिमांशु उप्रेती का चयन सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में लॉ ऑफिसर के पद पर हुआ है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
वर्तमान में हिमांशु उप्रेती उत्तराखंड उच्च न्यायालय, नैनीताल में मुख्य न्यायाधीश के लॉ रिसर्चर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे शुरू से ही मेधावी छात्र रहे हैं और शिक्षा के क्षेत्र में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते आए हैं।
हिमांशु उप्रेती के पिता पंडित त्रिभुवन उप्रेती ख्याति प्राप्त ज्योतिषाचार्य तथा माता कमला उप्रेती एवरग्रीन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हल्दूचौड़ में हिंदी प्रवक्ता के पद पर कार्यरत हैं। उनका निवास नया बाजार, हल्दूचौड़ में है।
शैक्षणिक उपलब्धियों की बात करें तो हिमांशु ने वर्ष 2023 में बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से एलएलबी (ऑनर्स) की परीक्षा टॉपर रहते हुए गोल्ड मेडल के साथ उत्तीर्ण की। इसके अतिरिक्त उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बीएससी (भौतिकी) में भी टॉप किया है। बीएचयू में अध्ययन के दौरान उन्हें दो अलग-अलग क्षेत्रों में कुल सात गोल्ड मेडल प्राप्त हुए।
अपनी सफलता का श्रेय प्रतिदिन 10 से 12 घंटे की नियमित पढ़ाई, कड़ी मेहनत, माता-पिता, गुरुजनों एवं ईश्वर के आशीर्वाद को देते हुए हिमांशु ने कहा कि लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की कुंजी है।
उनकी इस उपलब्धि पर परिजनों, शिक्षकों, मित्रों एवं क्षेत्रवासियों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
