








दर्पण न्यूज़ 24/7 | रुद्रपुर
नशे में धुत पुलिस कर्मी पर किशोरी से छेड़छाड़ का आरोप, एसएसपी ने किया निलंबित!
रुद्रपुर।
महिलाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी उठाने वाली खाकी एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। रुद्रपुर में पुलिस लाइन–स्टेडियम रोड पर नशे में धुत एक पुलिस कर्मी द्वारा किशोरी से छेड़छाड़ किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता किसी तरह आरोपी के चंगुल से बचकर भागी और साथियों व स्वजन को घटना की जानकारी दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रांजिट कैंप क्षेत्र निवासी एक महिला ने पंतनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। महिला ने बताया कि उसकी पुत्री रोजाना की तरह मनोज सरकार स्टेडियम में खेल प्रशिक्षण के लिए जा रही थी। शुक्रवार शाम जब वह पुलिस लाइन–स्टेडियम रोड के पास पहुंची, तभी नशे में धुत पुलिस कर्मी त्रिभुवन जोशी ने उसका हाथ पकड़कर जबरन खींचा और अश्लील हरकतें करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने छेड़छाड़ की। किशोरी किसी तरह अपना हाथ छुड़ाकर वहां से भागी और स्टेडियम पहुंची।
घटना के बाद पीड़िता ने साथियों और स्वजन को फोन कर जानकारी दी। सूचना मिलते ही पीड़िता के माता-पिता पुलिस लाइन पहुंचे और आरोपी पुलिस कर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
थानाध्यक्ष पंतनगर नंदन सिंह रावत ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी पुलिस कर्मी त्रिभुवन जोशी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 7, 8 और 75 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।
वहीं, मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने आरोपी कांस्टेबल त्रिभुवन जोशी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही उसके अन्य जनपद में तबादले के लिए उच्चाधिकारियों से पत्राचार किया जा रहा है।
खाकी पर लगे इस दाग ने एक बार फिर पुलिस की कार्यप्रणाली और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
