आयुक्त दीपक रावत का बड़ा एक्शन – अवैध खनन स्टॉक सीज, ओवरलोडिंग पर गिरेगी गाज।
दर्पण न्यूज 24/7 हल्द्वानी।
जनसुनवाई कार्यक्रम में आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने जनता की समस्याओं पर त्वरित और सख्त रुख अपनाते हुए प्रशासनिक सक्रियता का स्पष्ट संदेश दिया। हल्द्वानी कैंप कार्यालय में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान भूमि विवाद, धोखाधड़ी से धनराशि हड़पने, मृतक आश्रित को नौकरी, भरण-पोषण और अवैध खनन भंडारण जैसे गंभीर मामलों की सुनवाई की गई।
आयुक्त ने कई मामलों में मौके पर ही समाधान कर जनता को राहत दी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि रेता-बजरी भंडारण में नियमों की अनदेखी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनसुनवाई के दौरान बेरीपड़ाव क्षेत्र में रेता-बजरी भंडारण स्टॉक को लेकर ओवरलोडिंग, सीसीटीवी कैमरे और चाहरदीवारी न होने की शिकायत पर आयुक्त ने तत्काल खनन अधिकारी एवं एआरटीओ को तलब किया। उन्होंने निर्देश दिए कि शहर के सभी खनिज भंडारण स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया जाए और जिन स्टॉकों में सीसीटीवी कैमरे, चाहरदीवारी व अन्य अनिवार्य व्यवस्थाएं नहीं हैं, उन्हें तत्काल सीज किया जाए।
इसके साथ ही ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों व संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
आयुक्त दीपक रावत की इस कार्रवाई से अवैध खनन और माफियाओं में हड़कंप मच गया है, जबकि आम जनता ने प्रशासनिक सख्ती का स्वागत किया है।
