खबरें शेयर करें -

एनसीईआरटी की फर्जी किताबों का देशव्यापी रैकेट बेनकाब
तीन आरोपी गिरफ्तार, 45 हजार से अधिक नकली पाठ्यपुस्तकें जब्त!
गाजियाबाद में चल रही थी अवैध छपाई फैक्ट्री, दो करोड़ की मशीनरी सीज!
दर्पण न्यूज 24/7 एक्सक्लूसिव नई दिल्ली।
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने शिक्षा व्यवस्था को गहरी चोट पहुंचाने वाले एक बड़े फर्जीवाड़े का पर्दाफाश करते हुए एनसीईआरटी की नकली पाठ्यपुस्तकों की छपाई और आपूर्ति में शामिल संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। दर्पण न्यूज 24/7 को मिली एक्सक्लूसिव जानकारी के अनुसार इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और करीब 45,000 नकली एनसीईआरटी किताबें बरामद की गई हैं।
पुलिस ने इस रैकेट से जुड़ी लगभग दो करोड़ रुपये मूल्य की अत्याधुनिक छपाई मशीनरी, कच्चा माल और अन्य उपकरण भी जब्त किए हैं। जांच में सामने आया है कि यह गिरोह दिल्ली-एनसीआर सहित कई राज्यों में नकली किताबों की सप्लाई कर रहा था।
गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान
सुमित (35) – निवासी शाहदरा
विनोद जैन (65) – निवासी प्रीत विहार
कनिष्क (32) – निवासी यमुना विहार
के रूप में हुई है।
खुफिया सूचना से हुआ खुलासा
अपराध शाखा के अधिकारियों के अनुसार 10 नवंबर 2025 को मिली विशिष्ट खुफिया जानकारी में दरियागंज स्थित एक गोदाम में नकली एनसीईआरटी पुस्तकों के भंडारण और सप्लाई की सूचना मिली थी। इसके बाद अपराध शाखा की टीम ने एनसीईआरटी के कानूनी प्रतिनिधियों के साथ संयुक्त रूप से छापेमारी की।
इस दौरान गोदाम से 12,755 नकली पाठ्यपुस्तकें बरामद की गईं। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और कॉपीराइट अधिनियम 1957 की धाराओं के तहत अपराध शाखा थाने में एफआईआर दर्ज की गई।
गाजियाबाद में अवैध छपाई फैक्ट्री पर छापा
जांच को आगे बढ़ाते हुए 16 जनवरी को पुलिस टीम ने गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र के जावली गांव में स्थित एक अवैध छपाई इकाई पर छापा मारा। यह फैक्ट्री नकली एनसीईआरटी किताबों की छपाई का बड़ा केंद्र थी।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने
32,107 नकली पाठ्यपुस्तकें
दो ऑफसेट प्रिंटिंग मशीनें
पेपर रील, स्याही और एल्युमिनियम प्रिंटिंग प्लेट
जब्त कीं। मौके से मुख्य आरोपी सुमित को गिरफ्तार किया गया।
शिक्षा व्यवस्था पर बड़ा हमला
अधिकारियों का कहना है कि यह गिरोह छात्रों और अभिभावकों को सस्ती किताबों का लालच देकर ठग रहा था और इससे न केवल सरकारी राजस्व को नुकसान हो रहा था बल्कि शिक्षा की गुणवत्ता भी प्रभावित हो रही थी। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
दर्पण न्यूज 24/7 इस बड़े शिक्षा घोटाले से जुड़े हर अपडेट पर नजर बनाए हुए है।

उत्तराखंड