खबरें शेयर करें -

वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण का आरोप
करणी सेना ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन!
रामनगर संवाददाता | दर्पण न्यूज 24/7
रामनगर। तहसील क्षेत्र के ग्राम ढिकुली में वन भूमि पर कथित अवैध अतिक्रमण को लेकर करणी सेना ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। शनिवार को करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष सूरज चौधरी के नेतृत्व में संगठन के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी  प्रमोद कुमार को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से करणी सेना ने आरोप लगाया कि ग्राम ढिकुली क्षेत्र में स्थित द ग्रिल कबाब ट्रीट होटल के स्वामी द्वारा वन भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। संगठन का कहना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो वन भूमि को भारी नुकसान पहुंचेगा और भविष्य में ऐसे अवैध अतिक्रमण बढ़ते चले जाएंगे।
प्रदेश अध्यक्ष सूरज चौधरी ने कहा कि ढिकुली क्षेत्र कॉर्बेट टाइगर रिजर्व से सटा हुआ अत्यंत संवेदनशील इलाका है, जहां वन भूमि और वन्यजीवों की सुरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने आरोप लगाया कि नियमों को दरकिनार कर किया जा रहा निर्माण न केवल वन अधिनियमों का उल्लंघन है, बल्कि पर्यावरण के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न कर रहा है।
करणी सेना ने मांग की है कि इस पूरे मामले की जांच राजस्व एवं वन विभाग की संयुक्त टीम से कराई जाए और अवैध निर्माण पर तत्काल रोक लगाई जाए। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन द्वारा समयबद्ध कार्रवाई नहीं की गई तो करणी सेना आंदोलन करने को मजबूर होगी।
वहीं, ज्ञापन प्राप्त करने के बाद एसडीएम प्रमोद कुमार ने संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और यदि वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण पाया जाता है तो नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान करणी सेना के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

उत्तराखंड