उत्तराखंड पहुंचे राजनाथ सिंह, सीएम योगी व मनोहर खट्टर, सीएम धामी ने किया भव्य स्वागत!
दर्पण न्यूज 24/7 देहरादून/हरिद्वार।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर आज उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी विशिष्ट अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। दौरे को लेकर प्रदेशभर में उत्साह का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद किया गया है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने प्रवास के दौरान निजी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपने पैतृक गांव पंचूर (यमकेश्वर, पौड़ी गढ़वाल) जाएंगे। साथ ही वे यमकेश्वर स्थित जनता इंटर कॉलेज में नवनिर्मित कक्षा-कक्षों के लोकार्पण समारोह में भी शिरकत करेंगे।
योगी आदित्यनाथ का उत्तराखंड से गहरा नाता रहा है। उन्होंने कक्षा 1 से 5 तक प्राथमिक विद्यालय पंचूर से शिक्षा ग्रहण की, कक्षा 6 से 8 तक जूनियर हाईस्कूल बिध्याणी से पढ़ाई की, कक्षा 10 खाड़ी हाईस्कूल नरेंद्र नगर (टिहरी गढ़वाल) से पूर्ण की। इसके बाद कक्षा 11 व 12 भरत मंदिर इंटर कॉलेज, ऋषिकेश से और स्नातक की पढ़ाई कोटद्वार महाविद्यालय से पूरी की।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार यमकेश्वर एवं बिध्याणी क्षेत्र में अस्थायी हेलिपैड तैयार किए जा रहे हैं, ताकि कार्यक्रमों के दौरान आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
हरिद्वार में गुरुदेव समाधि महोत्सव में शिरकत
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सीएम योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर हरिद्वार के सप्तऋषि मैदान में आयोजित त्रिदिवसीय गुरुदेव समाधि मंदिर मूर्ति स्थापना महोत्सव में शामिल होने पहुंचे।
इस अवसर पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तराखंड के चार धाम भारत की आध्यात्मिक चेतना के मूल स्तंभ हैं। उन्होंने कहा कि पहले रामभक्तों और देश की विरासत का अपमान होता था, लेकिन आज राष्ट्र की विरासत और आस्था का सम्मान हो रहा है। किसी ने कल्पना नहीं की थी कि राम मंदिर बनेगा, लेकिन आज राम मंदिर भव्य रूप में साकार हो चुका है।
दौरे को लेकर स्थानीय लोगों में भारी उत्साह देखा जा रहा है, वहीं प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
