खबरें शेयर करें -

विकासखंड मुख्यालय के औचक निरीक्षण में खुली लापरवाही की पोल, गैरहाजिर कर्मचारी का वेतन रोका!
दर्पण न्यूज 24/7हल्द्वानी। मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे ने गुरुवार को विकास खंड हल्द्वानी का औचक निरीक्षण कर कार्यालय व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय ग्रामीण ऊर्जा एवं पर्यावरण परियोजना कार्यालय में एक कर्मचारी अनुपस्थित पाया गया। इस पर सीडीओ ने कड़ी नाराजगी जताते हुए मौके पर ही खंड विकास अधिकारी को संबंधित कर्मचारी का वेतन रोकने तथा स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने निर्देशित किया कि आमजन प्रायः सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक अपने कार्यों के लिए ब्लॉक कार्यालय पहुंचते हैं, इसलिए अधिकारी व कर्मचारी क्षेत्र भ्रमण पर दोपहर 3 बजे के बाद ही जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि ब्लॉक स्तर पर अधिकांश जनसेवाएं संचालित होती हैं, अतः जनता के कार्यों में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान भ्रमण पंजिका में संबंधित क्षेत्र का नाम, दिनांक व समय दर्ज करना अनिवार्य होगा, ताकि पारदर्शिता बनी रहे।
एकीकृत सहायता केंद्र के निरीक्षण में सीडीओ ने कर्मचारियों को पीड़ितों की समस्याओं का त्वरित व संवेदनशील समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण में यह तथ्य भी सामने आया कि ग्राम पंचायत विकास अधिकारी यशवंत बोहरा, जो भीमताल के लिए कार्यमुक्त हो चुके हैं, चार्ज सौंपने से पूर्व ही चिकित्सीय अवकाश पर चले गए। इस पर सीडीओ ने जिला पंचायत राज अधिकारी को तीन दिनों के भीतर चिकित्सा मंडल से परीक्षण कराकर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी तनवीर अहमद सहित ब्लॉक स्तरीय अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। सीडीओ ने दो टूक कहा कि प्रशासनिक अनुशासन और जवाबदेही से ही जनसेवा की साख बनी रहती है, लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।