खबरें शेयर करें -

 मीडिया सेंटर में सूचना एवं लोकसंपर्क विभाग ने पेश किया ‘स्वस्थ पत्रकार, सशक्त लोकतंत्र’ का सजीव उदाहरण।
हल्द्वानी | दर्पण न्यूज 24/7
स्वस्थ पत्रकार, सशक्त लोकतंत्र की पहचान—इस विचार को धरातल पर उतारते हुए हल्द्वानी मीडिया सेंटर में मीडिया कर्मियों के लिए निःशुल्क एकदिवसीय स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार सूचना एवं लोक संपर्क विभाग तथा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में 100 से अधिक पत्रकारों व उनके परिजनों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
पत्रकारिता की व्यस्त व अनियमित दिनचर्या को ध्यान में रखते हुए आयोजित इस शिविर में एक्स-रे, ईसीजी, ब्लड प्रेशर, शुगर, थायराइड सहित विभिन्न रक्त जांचें निःशुल्क की गईं। साथ ही हृदय रोग, हड्डी रोग, स्त्री रोग, नेत्र रोग, दंत चिकित्सा एवं फिजिशियन विशेषज्ञों द्वारा समग्र स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच उपरांत आवश्यक औषधियों का निःशुल्क वितरण भी किया गया।
शिविर का निरीक्षण करने पहुंचे जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि “स्वस्थ पत्रकारिता ही सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला है। स्वतंत्र और निर्भीक मीडिया समाज को जागरूक करता है तथा शासन-प्रशासन को जवाबदेह बनाता है।” उन्होंने पत्रकारों के स्वास्थ्य व कल्याण को लेकर राज्य सरकार की संवेदनशील सोच को सराहा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी नैनीताल एवं संयुक्त निदेशक सूचना नितिन उपाध्याय ने शिविर में उपलब्ध कराई गई स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। संयुक्त निदेशक सूचना नितिन उपाध्याय ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर समय-समय पर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक मीडिया कर्मियों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।
शिविर में हल्द्वानी, रामनगर, लालकुआं, कालाढूंगी सहित विभिन्न क्षेत्रों से प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व डिजिटल मीडिया प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
यह पहल राज्य सरकार की “सबका स्वास्थ्य, सबका विकास” की दूरदर्शी सोच को साकार करती प्रेरणादायक मिसाल बनी।
इससे पूर्व शिविर का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरीश चन्द्र पंत एवं संयुक्त निदेशक सूचना नितिन उपाध्याय द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
शिविर में डॉ. आर.एस. कुंवर (फिजिशियन), डॉ. सुधांशु सिंह (हृदय रोग विशेषज्ञ), डॉ. पी.एस. खोलिया (हड्डी रोग विशेषज्ञ), डॉ. अनीता पवार (स्त्री रोग विशेषज्ञ), डॉ. विजय (नेत्र रोग विशेषज्ञ), डॉ. दीप्ति (दंत रोग विशेषज्ञ), दीपा सुनारी (फार्मेसिस्ट) सहित मेडिकल टीम, जिला सूचना अधिकारी गिरिजा जोशी, सूचना अधिकारी अहमद नदीम व बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।