








हल्द्वानी को मुख्यमंत्री धामी की बड़ी सौगात!
39 विकास योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, करोड़ों की योजनाओं से विकास को मिलेगी रफ्तार!
दर्पण न्यूज 24/7 हल्द्वानी। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को हल्द्वानी दौरे के दौरान जनपद को विकास की बड़ी सौगात दी। राजकीय मेडिकल कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कुल 39 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर क्षेत्रीय विकास को नई गति देने का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने 13,255 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुई 23 विकास योजनाओं का लोकार्पण किया, जबकि 16 नई योजनाओं का शिलान्यास कर आगामी विकास कार्यों की आधारशिला रखी। इन योजनाओं में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, आधारभूत ढांचे के विस्तार तथा जनसुविधाओं से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के संतुलित एवं समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि आम जनता को बेहतर उपचार सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकें।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास योजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए, जिससे जनता को योजनाओं का शीघ्र लाभ मिल सके।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
