खबरें शेयर करें -

अवैध खनन पर वन विभाग का शिकंजा, बिना कागज उपखनिज ढोता ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज!
दर्पण न्यूज 24/7। तराई पूर्वी वन प्रभाग में अवैध खनन और खनिज परिवहन पर रोक लगाने के लिए वन विभाग ने सख्ती तेज कर दी है। इसी क्रम में आज  गौला रेंज क्षेत्र में औचक निरीक्षण और सघन चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें अवैध रूप से उपखनिज परिवहन करते एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़कर सीज कर दिया गया।
प्रभागीय वनाधिकारी तराई पूर्वी वन प्रभाग हल्द्वानी के निर्देशन में उपप्रभागीय वनाधिकारी (गौला) अनिल जोशी ने देवरामपुर खनन गेट क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान खनन गतिविधियों और खनिज परिवहन कर रहे वाहनों की गहन जांच की गई। चेकिंग के दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली संदिग्ध अवस्था में उपखनिज ले जाते हुए पकड़ी गई। जांच में वाहन चालक वैध प्रपत्र प्रस्तुत नहीं कर सका।
इस पर वन विभाग की टीम ने ट्रैक्टर पंजीकरण संख्या यूके-04 एआर 6122 को अपनी अभिरक्षा में लेते हुए डौली रेंज परिसर में सुरक्षित खड़ा कर दिया। अवैध रूप से उपखनिज परिवहन पाए जाने पर वाहन को सीज करते हुए भारतीय वन अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है।
उपप्रभागीय वनाधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि प्रभागीय वनाधिकारी के निर्देशों के क्रम में समय-समय पर औचक निरीक्षण और सघन चेकिंग अभियान जारी रखे जाएं, ताकि क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध खनन या अवैध खनिज परिवहन न होने पाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वन विभाग द्वारा अवैध खनन और अवैध खनिज परिवहन पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
चेकिंग अभियान के दौरान उपप्रभागीय वनाधिकारी गौला ए.के. जोशी,के अलावा वन क्षेत्राधिकारी एसओजी नवीन सिंह रैकवाल, वन दरोगा दिनेश चंद्र पंत, वन दरोगा प्रकाश चंद्र तिवारी, वाहन चालक चंदन बेदी समेत अन्य वनकर्मी मौजूद रहे।