खबरें शेयर करें -

गैस की किल्लत को लेकर अफवाहों से बचें, पर्याप्त मात्रा में है उपलब्धता — पूर्ति अधिकारी मोहित कठायत!
दर्पण न्यूज 24/7,हल्द्वानी।
रसोई गैस की किल्लत को लेकर क्षेत्र में फैल रही अफवाहों पर पूर्ति विभाग ने स्थिति स्पष्ट करते हुए लोगों से भ्रम से बचने की अपील की है। पूर्ति अधिकारी मोहित कठायत ने कहा कि गैस की कोई कमी नहीं है और उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार के निर्देशानुसार अब गैस सिलेंडर की बुकिंग 25 दिन के अंतराल में की जा रही है, जिसे लेकर कुछ लोग गलतफहमी फैला रहे हैं। इसी कारण लोगों में यह भ्रम पैदा हो रहा है कि गैस की किल्लत हो गई है, जबकि वास्तविकता में गैस की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है।
मोहित कठायत ने कहा कि कुछ लोग जानबूझकर इस मामले को तूल देकर पैनिक का माहौल बना रहे हैं। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और बिना वजह गैस को लेकर चिंता न करें।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि विभाग लगातार आपूर्ति व्यवस्था पर नजर बनाए हुए है और उपभोक्ताओं को गैस की आपूर्ति सुचारु रूप से मिलती रहेगी। साथ ही लोगों से जिम्मेदारी के साथ जानकारी साझा करने और भ्रामक बातों से दूर रहने की भी अपील की गई है।

उत्तराखंड