खबरें शेयर करें -

दर्पण न्यूज 24/7
संवाददाता, देहरादून
नींबू-मिर्ची बेचने की आड़ में चोरी, सपेरा गिरोह के तीन गिरफ्तार!
देहरादून। डोईवाला पुलिस ने नींबू-मिर्ची बेचने के बहाने बंद घरों की रेकी कर चोरी करने वाले सपेरा जनजाति के गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया माल भी बरामद हुआ है।
जानकारी के अनुसार 14 मार्च को हर्रावाला निवासी अमीष यादव ने कोतवाली डोईवाला में तहरीर दी कि वह परिवार सहित शादी में गए थे। वापस लौटने पर घर के ताले टूटे मिले और अंदर रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी हो चुके थे।
मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम ने क्षेत्र में लगे करीब 475 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की गई।
पुलिस ने शनिवार को हर्रावाला स्थित बिंडलास रेजीडेंसी रिवर वैली के पास से तीन आरोपियों—कुनाल (19), अलकित (22) व नितिन (21) निवासी घिसूपुरा, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार—को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नींबू-मिर्ची बेचने के बहाने विभिन्न क्षेत्रों में घूमते थे और इस दौरान बंद घरों की पहचान कर उनकी रेकी करते थे। साथ ही, वे इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की लोकेशन भी पहले से देख लेते थे और भीड़भाड़ के समय चोरी की वारदात को अंजाम देते थे, ताकि शक से बच सकें।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने रानीपोखरी क्षेत्र में भी चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है। उनके पास से बरामद एक चांदी का छत्र उक्त घटना से संबंधित पाया गया है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

उत्तराखंड