खबरें शेयर करें -

गौला नदी में ‘चैनलाइजेशन’ के नाम पर करोड़ों की बर्बादी! कांग्रेस का बड़ा आरोप!

स्थाई तटबंध और मिनी स्टेडियम निर्माण की मांग, डीएम को सौंपा ज्ञापन!

दर्पण न्यूज 24/7लालकुआं, संवाददाता।

गौला नदी में चैनलाइजेशन के नाम पर करोड़ों रुपये की धनराशि पानी में बहाने का सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार को कटघरे में खड़ा किया है। बिंदुखत्ता क्षेत्र के कांग्रेसियों ने जिलाधिकारी नैनीताल को ज्ञापन सौंपकर स्थाई तटबंध निर्माण और शहीद मोहन नाथ गोस्वामी मिनी स्टेडियम के शीघ्र निर्माण की मांग उठाई।

वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हेमवती नंदन दुर्गापाल ने कहा कि बिंदुखत्तावासी वर्षों से गौला नदी के ग्रामीण छोर पर स्थाई तटबंध की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार द्वारा अस्थाई और चिन्हित स्थानों पर तटबंध बनाए जा रहे हैं, जो हर बार नाकाम साबित होते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बरसात में बाढ़ से राहत के नाम पर डायवर्जन और चैनलाइजेशन में खर्च की गई करोड़ों की रकम का कोई स्थायी समाधान नहीं निकला, बल्कि हालात बद से बदतर हो गए हैं।

उन्होंने कहा कि यदि अब तक खर्च की गई धनराशि से मजबूत सुरक्षा दीवार बनाई जाती, तो तीन किलोमीटर लंबा स्थाई तटबंध तैयार हो सकता था। कांग्रेसियों ने मांग रखी कि इंद्रानगर हाटाग्राम से श्रीलंका टापू और शीशम भुजिया तक ग्रामीण क्षेत्र की ओर मजबूत सुरक्षा दीवार का निर्माण कराया जाए।

ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि सुरक्षा दीवार का तकनीकी आकलन आईआईटी रुड़की से कराया जाए और निर्माण कार्य की जिम्मेदारी वन विभाग के बजाय सिंचाई विभाग को सौंपी जाए। साथ ही गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निगरानी समिति गठित कर जवाबदेही तय की जाए।

इसके अलावा कांग्रेसियों ने बिंदुखत्ता में अशोक चक्र विजेता शहीद मोहन नाथ गोस्वामी के नाम पर स्वीकृत मिनी खेल स्टेडियम का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की भी मांग की।

ज्ञापन सौंपने वालों में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष पुष्कर दानू, महिला अध्यक्ष मीना जोशी समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

उत्तराखंड