हल्द्वानी में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का खुलासा, आयुक्त के निर्देश पर इंडेन कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर!
दर्पण न्यूज 24/7 हल्द्वानी।
पश्चिम एशिया में युद्ध जैसे हालातों के चलते उत्पन्न गैस संकट के बीच जहां एक ओर जिला प्रशासन उपभोक्ताओं तक गैस सिलेंडरों की पारदर्शी आपूर्ति सुनिश्चित करने में जुटा है, वहीं दूसरी ओर कालाबाजारी और अनियमितताओं के मामले सामने आ रहे हैं। हल्द्वानी में ऐसा ही एक मामला प्रकाश में आया है, जहां इंडेन गैस से जुड़े कर्मचारियों की संदिग्ध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
सोमवार को कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत को सूचना मिली कि डहरिया क्षेत्र में महेंद्र फोटो स्टूडियो के पास गैस सिलेंडरों का वितरण किया जा रहा है। मौके पर जांच में सामने आया कि वितरण कर रहे कर्मी 10 भरे हुए सिलेंडर वहीं छोड़कर चले गए और बदले में कोई भी खाली सिलेंडर नहीं लिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आयुक्त ने संबंधित ठेकेदार और कर्मचारियों को तलब कर स्पष्टीकरण मांगा, लेकिन वे संतोषजनक जवाब देने में असफल रहे। एक साथ बड़ी संख्या में भरे सिलेंडर बिना किसी औचित्य के रखने पर कालाबाजारी की आशंका जताई गई।
इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए आयुक्त दीपक रावत ने केएमवीएन के महाप्रबंधक को निर्देश दिए कि सिलेंडर वितरण में संलिप्त आउटसोर्स कर्मचारी संदीप, प्रेमपाल सिंह ठाकुर और प्रमोद चौहान के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कराई जाए।
आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि गैस वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कालाबाजारी और घटतौली की शिकायतों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित औचक निरीक्षण कर वितरण प्रणाली पर कड़ी नजर रखें और पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाएं।
