खबरें शेयर करें -

लालकुआं के खिलाड़ियों का राष्ट्रीय मंच पर जलवा, भुवन गुणवंत व संतोष अधिकारी ने जीते पदक!
पैरा लॉन बॉल्स राष्ट्रीय चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन, क्षेत्र में खुशी की लहर!
दर्पण न्यूज 24/7ब्यूरो लालकुआं/नैनीताल।
नैनीताल जनपद के लालकुआं क्षेत्र के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र और प्रदेश का मान बढ़ाया है। हल्दूचौड़ निवासी भुवन चंद्र गुणवंत और बिंदुखत्ता निवासी संतोष अधिकारी ने अपने जज्बे और मेहनत के दम पर पैरा लॉन बॉल्स प्रतियोगिता में पदक जीतकर यह साबित कर दिया कि मजबूत इरादों के सामने कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती।
असम के गुवाहाटी में 26 से 28 मार्च तक आयोजित द्वितीय पैरा लॉन बॉल्स राष्ट्रीय चैंपियनशिप में भुवन गुणवंत ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए ट्रिपल स्पर्धा में रजत पदक तथा डबल्स स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया। यह प्रतियोगिता पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित की गई थी।
वहीं बिंदुखत्ता निवासी संतोष अधिकारी ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। वर्ष 2008 में एक दुर्घटना में अपना दाहिना हाथ गंवाने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और अपने दृढ़ संकल्प से राष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त की।
दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। परिजनों, खेल प्रेमियों और जनप्रतिनिधियों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रही है।

उत्तराखंड