उत्तराखंड परिवहन निगम की बस पर हमला: ओवरटेकिंग विवाद में हाईवे बना रणक्षेत्र, 24 घंटे में चार आरोपी गिरफ्तार!
दर्पण न्यूज 24/7ब्यूरो ऊधम सिंह नगर।
जनपद में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। ओवरटेकिंग के मामूली विवाद ने उस वक्त हिंसक रूप ले लिया, जब कुछ अराजक युवकों ने रोडवेज बस का पीछा कर उस पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने बस में जमकर तोड़फोड़ की और चालक के साथ मारपीट कर यात्रियों में दहशत फैला दी।
मामला गदरपुर थाना क्षेत्र का है। 1 अप्रैल 2026 को उत्तराखंड परिवहन की एक रोडवेज बस को कुछ युवकों ने ओवरटेकिंग को लेकर रोक लिया और चालक से गाली-गलौज करने लगे। विवाद बढ़ने पर आरोपी बस का पीछा करते रहे और दो अलग-अलग स्थानों पर उसे रोककर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि सभी यात्री सुरक्षित रहे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के सख्त निर्देशों के बाद पुलिस टीमों ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की हैं।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी शराब के नशे में थे और मामूली विवाद के बाद उन्होंने कानून को हाथ में लेते हुए इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं के साथ-साथ सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में कार्रवाई की है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों की हाईवे पर परेड निकालकर सख्त संदेश दिया कि जनपद में अराजकता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट कहा कि “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत हर अपराध पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और सरकारी संपत्ति को नु
कसान पहुंचाने वालों से क्षतिपूर्ति भी वसूली जाएगी।
फिलहाल पुलिस फरार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है और लगातार दबिश दी जा रही है। यह घटना एक बार फिर सड़क पर बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति और कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
