वरिष्ठ पत्रकार व श्रमिक नेता कैलाश चौशाली पंचतत्व में विलीन, सैकड़ों लोगों ने नम आंखों से दी अंतिम विदाई!
दर्पण न्यूज 24/7ब्यूरो।
क्षेत्र के लिए गहरा आघात पहुंचाने वाली खबर में वरिष्ठ पत्रकार एवं सेंचुरी पेपर मिल वर्कर्स यूनियन के महामंत्री कैलाश चौशाली जी का कल निधन हो गया। आज पूरे श्रद्धा और सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां बड़ी संख्या में पत्रकार, श्रमिक, सामाजिक कार्यकर्ता और आमजन उपस्थित रहे। नम आंखों और भारी मन से सभी ने उन्हें अंतिम विदाई दी।
स्वर्गीय चौशाली जी का जीवन संघर्ष, सादगी और समर्पण की मिसाल रहा। उन्होंने पत्रकारिता को केवल पेशा नहीं, बल्कि समाज सेवा का माध्यम माना। उनकी लेखनी हमेशा सत्य, न्याय और जनहित के पक्ष में खड़ी रही। वे दूरगामी नयन के रोविंग एसोसिएट एडिटर के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे और अपने निष्पक्ष व निर्भीक लेखन से अलग पहचान बनाई।
श्रमिक हितों की लड़ाई में भी उनका योगदान अतुलनीय रहा। सेंचुरी पल्प एंड पेपर मिल वर्कर्स यूनियन के महामंत्री के रूप में उन्होंने श्रमिकों के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष किया। वे श्रमिकों के बीच एक नेता ही नहीं, बल्कि उनके अपने परिवार के सदस्य की तरह थे, जिनकी हर समस्या को वे अपनी जिम्मेदारी मानते थे।
उनके निधन पर सेंचुरी पल्प एंड पेपर मिल के श्रमिकों में गहरा शोक व्याप्त है। श्रमिकों ने भावुक होकर कहा,
“हमने अपना सच्चा मार्गदर्शक और हक की आवाज़ खो दी है। चौशाली जी हमेशा हमारे साथ खड़े रहे। उनकी कमी कभी पूरी नहीं हो सकेगी।”
समाजसेवी दया किशन जोशी ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा,
“कैलाश चौशाली जी का जाना समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपना पूरा जीवन दूसरों के लिए जिया। उनका संघर्षशील और सादगीपूर्ण व्यक्तित्व हमेशा हमें प्रेरित करता रहेगा। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।”
उनकी अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब इस बात का प्रमाण था कि उन्होंने अपने जीवन में कितने लोगों के दिलों को छुआ। हर आंख नम थी और हर कोई उन्हें याद कर रहा था।
ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिवार को इस दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।
