पांच जिलों में आज ओलावृष्टि का खतरा, ऑरेंज अलर्ट जारी!
दर्पण न्यूज 24/7 देहरादून।
प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में शनिवार को मौसम का मिजाज बिगड़ने की आशंका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून के पूर्वानुमान के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इन जनपदों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है। वहीं अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी कर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून ने संबंधित जिलों को अलर्ट करते हुए आवश्यक सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में खराब मौसम के दौरान ट्रैकिंग गतिविधियों को नियंत्रित या प्रतिबंधित रखने को कहा गया है।
प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में आवागमन नियंत्रित करने, मोटर मार्ग बाधित होने की स्थिति में तत्काल बहाली सुनिश्चित करने तथा सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारी हाई अलर्ट पर रहेंगे और फील्ड में सक्रिय रहकर स्थिति पर नजर रखेंगे।
इसके अलावा स्थानीय अधिकारियों को क्षेत्र में सक्रिय रहने, चौकियों और थानों में आपदा प्रबंधन उपकरण तैयार रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। संभावित परिस्थितियों को देखते हुए खाद्य सामग्री, चिकित्सा सुविधा और आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था रखने को भी कहा गया है।
आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग के सचिव विनोद कुमार सुमन ने आम जनता से अपील की है कि वे मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।
—
