खबरें शेयर करें -

बिना इंजन दौड़ा कोच, 150 मीटर बाद पटरी से उतरा — लालकुआं स्टेशन पर मचा हड़कंप ।

(दर्पण न्यूज 24/7 संवाददाता)
लालकुआं। रेलवे स्टेशन की पिट लाइन में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब मरम्मत के दौरान खड़ा एक कोच अचानक बिना इंजन के ही ढलान में चल पड़ा और करीब 150 मीटर तक लुढ़कने के बाद पटरी से उतर गया। घटना से स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
सुबह करीब 8:30 बजे पिट लाइन में एक गाड़ी के पीछे लगने वाला जनरेटर एंड गार्ड डिब्बा (गॉर्ड वैन) मरम्मत के लिए खड़ा था। तभी अचानक वह अपनी जगह से खिसककर रनिंग रूम की दिशा में ढलान पर चल पड़ा। मौके पर मौजूद रेल कर्मचारियों ने दौड़कर कोच को रोकने की कोशिश की और गुटका (चक्का रोकने का उपकरण) लगाने का प्रयास भी किया, लेकिन कोच की रफ्तार के आगे उनके प्रयास नाकाम रहे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कोच धीरे-धीरे पीछे की ओर सरकना शुरू हुआ और देखते ही देखते गति पकड़ ली। आखिरकार करीब डेढ़ सौ मीटर दूर जाकर वह पॉइंट (टर्नआउट) के पास पटरी से उतर गया।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे प्रशिक्षित रेल कर्मियों ने तत्काल स्थिति संभाली और कोच को दोबारा पटरी पर चढ़ाने का काम शुरू किया। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद कोच को सुरक्षित ट्रैक पर लाया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कोच की गति थोड़ी और तेज होती या वह किसी सक्रिय लाइन की ओर बढ़ जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था और रेलवे संपत्ति को भारी नुकसान पहुंच सकता था।
गनीमत रही कि समय रहते हालात काबू में आ गए और एक बड़ी रेल दुर्घटना टल गई।

उत्तराखंड