ढाबे पर छापा: 109 पव्वे शराब और बीयर का जखीरा पकड़ा!
लंबे समय बाद चेता आबकारी महकमा,बरेली रोड पर बड़ी कार्रवाई, लालकुआं में भी अभियान की मांग, वैध दुकानों के मनमाने रेट पर उठे सवाल!
दर्पण न्यूज 24/7 हल्द्वानी। बरेली रोड स्थित एक ढाबे पर आबकारी विभाग ने छापेमारी कर अवैध शराब का बड़ा जखीरा बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान 109 पव्वे देसी व विदेशी शराब और बीयर जब्त की गई।
शनिवार को चलाए गए सघन चेकिंग अभियान के तहत टीम ने संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी। ढाबे पर छापे के दौरान अवैध रूप से रखी गई शराब बरामद होते ही विभाग ने आरोपी राजेंद्र प्रसाद के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले भी ऐसे मामलों में पकड़ा जा चुका है।
क्षेत्र में लगातार मिल रही शिकायतों के बाद की गई इस कार्रवाई को लंबे समय बाद आबकारी महकमे की सक्रियता के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी कार्रवाई नियमित रूप से होनी चाहिए।
वहीं, लालकुआं क्षेत्र में अवैध कच्ची शराब के खिलाफ भी इसी तरह सघन अभियान चलाने की मांग उठी है। लोगों का कहना है कि वहां लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार जारी है, जिस पर प्रभावी कार्रवाई जरूरी है।
इसके साथ ही क्षेत्र में संचालित वैध शराब की दुकानों पर मनमाने दाम वसूले जाने को लेकर भी लोगों में नाराजगी है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि तय दरों का सख्ती से पालन कराया जाए और ओवररेटिंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई हो।
आबकारी विभाग ने कहा है कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा, साथ ही शिकायत मिलने पर वैध दुकानों की भी जांच की जाएगी।
