हल्द्वानी में बनेंगे 6 नए गौ सदन, गौलापार में वृहद गौशाला की तैयारी!
डीएम की बैठक में फैसला , निराश्रित गोवंश संरक्षण को मिलेगी मजबूती जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य!
दर्पण न्यूज 24/7 संवाददाता हल्द्वानी। जिले में निराश्रित गोवंश के संरक्षण और प्रबंधन को मजबूत करने के लिए प्रशासन ने अहम निर्णय लिए हैं। डीएम ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय गौशाला स्थापना एवं संचालन अनुश्रवण प्रबंधन समिति की बैठक में जनपद में छह नए गौ सदनों की स्थापना को मंजूरी दी गई।
बैठक में डीएम ने संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि प्रस्तावित स्थलों पर शीघ्र भूमि चयन कर आगणन तैयार किया जाए और निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाए। मालधन चौड़, गौलापार और श्री कैंची धाम क्षेत्र में प्रस्तावित गौ सदनों की डीपीआर तैयार कर जिला खनिज न्यास निधि से बजट आवंटन को भी स्वीकृति दी गई।
गौलापार क्षेत्र में वृहद गौशाला स्थापित करने के लिए एसडीएम हल्द्वानी को भूमि चयन के निर्देश दिए गए हैं। वहीं भीमताल और कैंची धाम क्षेत्र में भी गौशाला निर्माण के लिए संबंधित अधिकारियों को भूमि चिह्नित करने को कहा गया है।
डीएम ने निराश्रित गोवंश को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाने पर जोर देते हुए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही गौ सदनों के संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और शीघ्र विज्ञप्ति जारी करने को भी कहा।
प्रशासन का मानना है कि इन गौ सदनों और वृहद गौशाला के निर्माण से जिले में निराश्रित गोवंश की समस्या के समाधान के साथ-साथ पशु संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।
