भक्ति और श्रद्धा के संग शुरू हुआ श्रीमद देवी भागवत कथा महोत्सव, सनातन संस्कृति की गूंज से आलोकित हुआ हरिपुर भानदेव!
दर्पण न्यूज 24/7 हल्दूचौड़। ग्राम हरिपुर भानदेव स्थित कालिका माता मंदिर परिसर एक बार फिर भक्ति, आस्था और सनातन संस्कृति के दिव्य रंगों में रंग उठा, जब सात दिवसीय श्रीमद देवी भागवत कथा का भव्य शुभारंभ कलश यात्रा के साथ हुआ। श्रद्धालुओं की विशाल भागीदारी के बीच निकली कलश यात्रा ने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत कर दिया।
यजमान गणेश दत्त बमेटा एवं विजय बमेटा के सानिध्य में आयोजित इस पुण्य महोत्सव का उद्देश्य न केवल धर्म जागरण, बल्कि सनातन संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन का भी संदेश देना है। कथा के प्रारंभ अवसर पर वातावरण “जय माता दी” के उद्घोष और वैदिक मंत्रोच्चार से गुंजायमान हो उठा।
प्रख्यात व्यासाचार्य नमन कृष्ण महाराज अपनी मधुर वाणी और ओजस्वी प्रवचनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को देवी महात्म्य का अमृतपान कराएंगे। उनके श्रीमुख से निकली कथा जीवन के आध्यात्मिक रहस्यों को उजागर करते हुए धर्म, भक्ति और नैतिक मूल्यों की गहराई को स्पर्श करेगी।
इस दौरान यजमान परिवार से गणेश दत्त बमेटा, विजय बमेटा, दीपा बमेटा, श्वेता बमेटा सहित मुकेश गरवाल, खीमानंद बमेटा, भाजपा नेता उमेश शर्मा, दया बमेटा, कमलेश बमेटा,कमल कबड़वाल,कैलाश बमेटा ,दया किशन जोशी,आचार्य शंभू दत्त दुर्गापाल,अमित सनवाल,सुरेश बमेटा, समेत सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
सात दिनों तक चलने वाला यह कथा महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि समाज में सद्भाव, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना के संचार का माध्यम भी सिद्ध होगा ।
