गौला निकासी गेट पर मारपीट के बाद बन निगम ने बंद किए सभी 11 गेट !
बिना तुले डंपरों को लेकर विवाद, गेट इंचार्ज से अभद्रता आरोपी पर मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी!
दर्पण न्यूज 24/7 लालकुआं: गौला नदी के देवरामपुर निकासी गेट पर रविवार सुबह बिना तुले डंपरों के प्रवेश को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि गेट इंचार्ज के साथ मारपीट हो गई। घटना से नाराज वन विकास निगम के कर्मचारियों ने लालकुआं से हल्द्वानी तक सभी 11 निकासी गेट बंद कर दिए, जिससे खनन कार्य पूरी तरह ठप हो गया।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब एक दर्जन डंपर बिना कांटे में तुले ही नदी क्षेत्र में प्रवेश कर गए। इसकी सूचना पर गेट इंचार्ज सौरभ मराठा मौके पर पहुंचे और वाहन स्वामियों को दोबारा तौल कराने के निर्देश दिए। इस पर खनन व्यवसायियों ने कांटे में खराबी का हवाला देते हुए कहा कि गाड़ियां पहले ही भर चुकी हैं।
गेट इंचार्ज द्वारा गाड़ियां खाली कर पुनः तौल कराने की बात पर एक व्यवसायी भड़क गया और विवाद बढ़ गया। आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने गेट इंचार्ज के साथ मारपीट की और उनका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया।
घटना के विरोध में वन निगम कर्मियों ने पहले देवरामपुर गेट बंद किया और बाद में लालकुआं से शीशमहल तक सभी 11 गेटों को बंद कर दिया। मौके पर पुलिस, वन विभाग और वन निगम के अधिकारी तैनात कर दिए गए हैं।
डीएलएम धीरेश बिष्ट ने बताया कि मामले में आरोपी के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी जा रही है। संबंधित वाहन को सीज कर पंजीकरण निरस्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
गेट अध्यक्ष भगवान धामी ने बताया कि कांटे में खराबी के कारण ही विवाद की स्थिति बनी, जिससे मामला बढ़ गया। फिलहाल प्रशासन गेटों को जल्द खुलवाने के प्रयास में जुटा है।
