खबरें शेयर करें -

व्यासाचार्य नमन कृष्ण महाराज की अमृतमयी वाणी से गूंजा हरिपुर भानदेव, प्रथम दिवस में सुनाया देवी भागवत का दिव्य सार!
दर्पण न्यूज 24/7 हल्दूचौड़।
ग्राम हरिपुर भानदेव में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद देवी भागवत कथा माहात्म्य के प्रथम दिवस पर व्यासाचार्य नमन कृष्ण महाराज की मार्मिक और अमृतमयी वाणी ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। यजमान गणेश दत्त बमेटा एवं विजय बमेटा के आवास पर चल रही इस भव्य कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर धर्मलाभ प्राप्त कर रहे हैं।
कथा के प्रथम दिन व्यासाचार्य ने “दैविक, दैहिक, भौतिक तापा” चौपाई का भावार्थ समझाते हुए मानव जीवन में आने वाले तीन प्रकार के कष्टों का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने बताया कि दैविक (प्राकृतिक आपदाएं), दैहिक (शारीरिक एवं मानसिक पीड़ा) और भौतिक (सांसारिक दुख) तापन से मुक्ति केवल ईश्वर की भक्ति और देवी महिमा के श्रवण से ही संभव है।
व्यासाचार्य नमन कृष्ण महाराज ने अपनी मधुर और ओजस्वी वाणी में श्रीमद देवी भागवत कथा के माहात्म्य का सार प्रस्तुत करते हुए कहा कि यह कथा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आत्मा को शुद्ध करने और जीवन को सही दिशा देने का माध्यम है। उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे कथा को केवल सुनें ही नहीं, बल्कि उसे अपने जीवन में उतारें।
कथा स्थल पर भक्ति का वातावरण बना रहा, जहां श्रद्धालु भजनों और कथा श्रवण में पूरी तरह लीन नजर आए। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए समुचित व्यवस्थाएं भी की गई हैं।
सात दिवसीय इस कथा का आयोजन क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार कर रहा है।

उत्तराखंड