एसटीएफ का बड़ा एक्शन: 50 लाख के विद्युत तार के साथ अंतरराज्यीय चोरी गैंग का भंडाफोड़!
काशीपुर–कुंडा क्षेत्र में सक्रिय गिरोह ध्वस्त, दो शातिर गिरफ्तार; दो वाहन और भारी मात्रा में केबल बरामद!
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो।
रुद्रपुर/काशीपुर। उत्तराखण्ड एसटीएफ ने विद्युत तार चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 50 लाख रुपये कीमत के विद्युत तार, दो वाहन और चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं। इस दौरान गिरोह के दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य साथियों की तलाश जारी है।
एसटीएफ को सूचना मिली थी कि रुद्रपुर के धर्मपुर क्षेत्र में “गुरमा ट्रेनिंग कंपनी” नाम से संचालित फर्म की आड़ में काशीपुर व कुंडा क्षेत्र से चोरी किए गए एचसी विद्युत केबल छिपाकर रखे गए हैं। इस पर एसटीएफ कुमाऊं टीम ने थाना कुंडा व काशीपुर पुलिस के साथ संयुक्त छापेमारी की।
कार्रवाई में गोदाम से भारी मात्रा में चोरी के विद्युत तार बरामद हुए। मौके से आफताब अली (43) और जीशान (22) को गिरफ्तार किया गया। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पूछताछ में सामने आया कि गिरोह पिछले दो माह से काशीपुर, कुंडा, जसपुर व महुआखेड़ा क्षेत्रों में रात के समय स्कॉर्पियो से रेकी कर केबल काटता था और पिकअप वाहन से गोदाम तक पहुंचाता था। बाद में तारों से कॉपर व एल्युमिनियम निकालकर मुरादाबाद व बरेली में बेचा जाता था।
एसटीएफ के अनुसार, गिरोह अब तक करीब 10 टन विद्युत केबल चोरी कर चुका है। बरामदगी में 45 कुंतल तार, केबल काटने के उपकरण, हेक्सा ब्लेड, चाकू सहित दो वाहन (पिकअप व स्कॉर्पियो) शामिल हैं।
गिरफ्तार अभियुक्त आफताब अली पूर्व में भी चोरी, डकैती और लूट के मामलों में जेल जा चुका है। एसटीएफ अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
कार्रवाई में शामिल टीम में एसटीएफ निरीक्षक विकास कुमार, उपनिरीक्षक विपिन चंद्र जोशी, उपनिरीक्षक के.जी. मठपाल, हेड कांस्टेबल महेन्द्र गिरी, हेड कांस्टेबल किशोर कुमार, हेड कांस्टेबल रविन्द्र सिंह, आरक्षी जितेन्द्र कुमार और सर्विलांस में कृष्ण चन्द्र शर्मा के साथ ही कोतवाली कुंडा/काशीपुर के उपनिरीक्षक मनोज सिंह धोनी, अपर उपनिरीक्षक रवीश राम, आरक्षी राजीव कुमार, आरक्षी राजेश भट्ट, आरक्षी जगदीश पपने और आरक्षी मुकेश कुमार की अहम भूमिका रही।
एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।
