खबरें शेयर करें -

लालकुआँ बना रणक्षेत्र: नगर पंचायत से शुरू विवाद, सभासद प्रतिनिधि का नाम आया सामने, दो जगह मारपीट।

दर्पण न्यूज ब्यूरो लालकुआं । सोमवार को नगर में मामूली कहासुनी ने अचानक हिंसक रूप ले लिया और लालकुआँ दिनभर लड़ाई का अखाड़ा बना रहा। जानकारी के अनुसार नगर पंचायत कार्यालय में एक प्रकरण को सभासद प्रतिनिधि ओर  चेयरमैन को लेकर  हुई बहस से विवाद की शुरुआत हुई, सूत्रों के मुताबिक, वार्ड की समस्या को लेकर हुई चर्चा के दौरान कहासुनी बढ़ गई और देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया। पहले तहसील कार्यालय के समीप झड़प हुई, इसके बाद ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में दोबारा जमकर मारपीट हो गई।बताया जा रहा है कि बीच में समझौते के प्रयास भी किए गए, लेकिन इसके बावजूद शाम को फिर से विवाद भड़क गया। देर शाम हुई मारपीट में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल भेजा।कोतवाली पुलिस ने मारपीट के आरोप में वार्ड नंबर 4 की महिला सभासद के पति समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है।घटना के बाद देर रात तक कोतवाली परिसर में दोनों पक्षों के लोगों की भारी भीड़ जुटी रही। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को कई बार लोगों को कोतवाली से बाहर खदेड़ना पड़ा, लेकिन कुछ देर बाद लोग फिर अंदर पहुंच जाते थे।इसी बीच दोनों पक्षों के प्रतिनिधि आपसी बातचीत कर राजीनामा कराने के प्रयास में भी जुटे रहे।घटना के बाद शहर में अराजकता का माहौल बन गया, जिससे तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और सभासद प्रतिनिधि की भूमिका को लेकर भी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।