खबरें शेयर करें -

रात के तूफान का कहर: विशाल पेड़ गिरा, बिजली लाइन ठप, घर की दीवार-गेट चकनाचूर।
शांतिपुरी नंबर-2 में दैवीय आपदा से भारी नुकसान, प्रशासन ने किया मुआवजे का आश्वासन।
दर्पण न्यूज 24/7
शांतिपुरी। देर रात आए तेज तूफान ने क्षेत्र में जमकर तबाही मचाई। शांतिपुरी नंबर-2 बाराघर निवासी मथुरा दत्त जोशी के घर के पास एक विशालकाय पेड़ अचानक धराशायी हो गया। पेड़ गिरने से जहां विद्युत लाइन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं घर की चारदीवारी और मुख्य गेट सहित कई सामान बुरी तरह टूटकर क्षतिग्रस्त हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तूफान की रफ्तार इतनी तेज थी कि कुछ ही पलों में पेड़ जड़ से उखड़कर जमीन पर आ गिरा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि घटना के समय कोई जनहानि नहीं हुई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना की सूचना तत्काल ग्राम प्रधान और राजस्व विभाग को दे दी गई है। राजस्व निरीक्षक साधना राणा ने मौके का जल्द स्थलीय निरीक्षण कर नुकसान का आकलन करने और दैवीय आपदा मद से उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से शीघ्र राहत और बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है, ताकि प्रभावित परिवार को राहत मिल सके।