तीन दिन के राजकीय शोक के चलते 20 मई को उत्तराखण्ड के सभी स्कूल-कॉलेज रहेंगे बंद!
दर्पण न्यूज 24/7 देहरादून। उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ राजनेता मेजर जनरल भुवन चन्द्र खण्डूरी के आकस्मिक निधन पर प्रदेशभर में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है। शासन के निर्देशों के क्रम में माध्यमिक एवं प्रारम्भिक शिक्षा निदेशालय द्वारा प्रदेश के सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
निदेशक माध्यमिक शिक्षा एवं प्रारम्भिक शिक्षा उत्तराखण्ड डॉ. मुकुल कुमार सती द्वारा जारी पत्र के अनुसार 19 मई से 21 मई 2026 तक प्रदेश के समस्त सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा तथा इस दौरान कोई भी शासकीय मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे।
जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चन्द्र खण्डूरी के सम्मान में 20 मई 2026 को उनकी अन्त्येष्टि के दिन राज्य सरकार के सभी कार्यालय बंद रहेंगे। इसी क्रम में प्रदेश के अंतर्गत संचालित समस्त शासकीय, अशासकीय एवं निजी शिक्षण संस्थानों तथा शिक्षा विभागीय कार्यालयों को भी बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
शिक्षा विभाग ने सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों, खंड शिक्षा अधिकारियों एवं संबंधित संस्थानों को शासन के आदेशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं।
