खबरें शेयर करें -

कांवड़िए को गोली मारने की वारदात का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार!

दर्पण न्यूज 24/7 हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के समीप कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़िए को गोली मारने की सनसनीखेज घटना का हरिद्वार पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में तीन अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस के अनुसार 31 मई की मध्य रात्रि डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि कांवड़ यात्रा पर जा रहे एक युवक को बाइक सवार युवकों ने गोली मार दी है। सूचना मिलते ही कनखल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अजय पुत्र नरेश निवासी पानीपत, हरियाणा को उपचार के लिए भूमानंद अस्पताल भेजा गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया।

जांच में सामने आया कि उत्तर प्रदेश और हरियाणा से कांवड़ लेकर लौट रहे चार यात्रियों की गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पास 6-7 बाइक सवार युवकों से कहासुनी हो गई थी। मामूली विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि बाइक सवार युवकों ने अजय पर गोली चला दी और मौके से फरार हो गए।

घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शिवराज (20), आदित्य कुमार (20), हेमंत कुमार (22) और वंश गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी जगजीतपुर और शांतिपुरम कॉलोनी क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ का आपराधिक गतिविधियों से भी संबंध रहा है और वे क्षेत्र में गैंग बनाकर दबंगई तथा लोगों को डराने-धमकाने की घटनाओं में शामिल रहते थे।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। वहीं मामले में शामिल तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि मामले में कनखल थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है तथा फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।