खबरें शेयर करें -

खटीमा में आयोजित इस अभियान ने दिया जनसेवा का संदेश, ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान बना लोगों का सहारा!

खटीमा उप जिला चिकित्सालय में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ शिविर में उमड़ी भीड़, 735 लोगों को मिला निशुल्क स्वास्थ्य लाभ।

दर्पण न्यूज 24/7 संवाददाता करन सतवाल

खटीमा, 20 जुलाई। उत्तराखंड सरकार की महत्वाकांक्षी पहल “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत सोमवार को उप जिला चिकित्सालय खटीमा में आयोजित जनसेवा शिविर में स्वास्थ्य विभाग ने आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, जांच और सरकारी योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया गया।
अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. वी.पी. सिंह ने बताया कि राज्य सरकार का उद्देश्य सरकारी सेवाओं को आम नागरिकों के द्वार तक पहुंचाना है। इसी कड़ी में आयोजित शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 735 लाभार्थियों का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं विभिन्न प्रकार की जांच की।
शिविर के दौरान 476 लोगों की गैर-संचारी रोग (एनसीडी) स्क्रीनिंग, 54 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग, 63 गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण एवं टीकाकरण, 19 आयुष्मान भारत कार्ड बनाए गए, जबकि 87 मरीजों की विभिन्न चिकित्सीय जांचें की गईं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, संक्रामक एवं गैर-संचारी रोगों की रोकथाम, समय पर टीकाकरण तथा आयुष्मान भारत योजना के लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी देकर जागरूक भी किया।
डॉ. वी.पी. सिंह ने कहा कि इस प्रकार के शिविरों का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन के और अधिक करीब पहुंचाना तथा पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाना है, ताकि कोई भी जरूरतमंद स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित न रहे।
शिविर में बीपीएम अजय सिंह, एएनएम कल्पना, भारती, ममता, किरण, मीना, सरिता, सीएचओ भावना, सोनम, पारुल, राधा, कविता, नितिका, कंचन सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मियों एवं आशा कार्यकर्ताओं मीना, निशा, मीरा, संध्या आदि ने सक्रिय भूमिका निभाई। उनकी सहभागिता से शिविर का सफल संचालन सुनिश्चित हुआ।

उत्तराखंड