खबरें शेयर करें -

गौशाला में लटका मिला विवाहिता का शव, आत्महत्या या साजिश? सुसाइड नोट और पिता के आरोपों ने बढ़ाया रहस्य!

बागेश्वर/कौसानी। कौसानी क्षेत्र के भोजगण लौबांज गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। गोशाले में फंदे से लटका मिला शव, दहेज प्रताड़ना के आरोप, सुसाइड नोट और परिजनों के गंभीर दावों ने मामले को रहस्यमयी बना दिया है। अब सवाल यह उठ रहा है कि यह आत्महत्या है या फिर किसी सुनियोजित साजिश का परिणाम?

मृतका रूपा के पिता भुवन सिंह निवासी सलगड़ा ने ससुराल पक्ष पर बेटी की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व रूपा का विवाह भोजगण निवासी अमित सजवाण से हुआ था। विवाह के कुछ समय बाद से ही पति और अन्य ससुरालीजन उसे कम दहेज लाने के ताने देते थे तथा पांच लाख रुपये नकद लाने का दबाव बना रहे थे।

परिजनों के अनुसार 16 जून की सुबह रूपा ने अपनी मां को फोन कर रोते हुए अपनी पीड़ा बताई थी। उसने दहेज की मांग और मानसिक उत्पीड़न की बात कही थी। इसी दिन बाद में ससुराल से फोन आया कि रूपा की तबीयत खराब है। जब मायके वाले वहां पहुंचे तो उनकी बेटी मृत अवस्था में मिली।

मृतका के पिता का आरोप है कि रूपा की हत्या करने के बाद उसके शव को गोशाले में लटका दिया गया, ताकि घटना आत्महत्या प्रतीत हो। मामले को और भी रहस्यमय बना रहा है वह सुसाइड नोट, जिसमें कथित तौर पर प्रताड़ना और चरित्र पर लगाए जा रहे आरोपों का जिक्र किया गया है।

घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। आखिर रूपा की मौत के पीछे असली वजह क्या है? क्या यह आत्महत्या थी या फिर हत्या के बाद सबूत मिटाने की कोशिश? इन सवालों के जवाब अब पुलिस जांच के बाद ही सामने आ पाएंगे।

सीओ बागेश्वर अजय लाल साह ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर पति अमित सजवाण समेत अन्य नामजद ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल रूपा की मौत का सच रहस्य के पर्दे में छिपा है, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर दहेज उत्पीड़न और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

उत्तराखंड