खबरें शेयर करें -

हल्द्वानी पहुंचे सीजीएसटी आयुक्त अशोक कुमार पांडेय का टैक्स बार एसोसिएशन ने किया स्वागत, जीएसटी की व्यावहारिक समस्याओं पर हुई चर्चा!

हल्द्वानी, 20 जुलाई। केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर  आयुक्त  अशोक कुमार पांडेय  के प्रथम बार हल्द्वानी आगमन पर हल्द्वानी टैक्स बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी ने सीजीएसटी कार्यालय में उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया।

इस अवसर पर टैक्स बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं ने जीएसटी से जुड़ी विभिन्न व्यावहारिक एवं प्रक्रियात्मक समस्याओं


के साथ-साथ करदाताओं और कर-व्यवसायियों के समक्ष आने वाली चुनौतियों को विस्तारपूर्वक आयुक्त के समक्ष रखा। प्रतिनिधिमंडल ने कर प्रणाली को अधिक सरल, पारदर्शी एवं सुगम बनाने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए।

आयुक्त  अशोक कुमार पांडेय ने सभी बिंदुओं को गंभीरता एवं धैर्यपूर्वक सुना तथा समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक आश्वासन देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने करदाताओं एवं कर-व्यवसायियों के हित में विभाग और टैक्स बार के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान सीजीएसटी के असिस्टेंट कमिश्नर डी.एस. बिष्ट एवं सुपरिंटेंडेंट दिवाकर बिष्ट भी मौजूद रहे।

इस अवसर पर हल्द्वानी टैक्स बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रमेश पांडे, सचिव महेंद्र बिष्ट, वरिष्ठ सदस्य आईपी सिंह, सुमित गुप्ता, एन.के. जोशी, अक्षय अग्रवाल, पवन सिंह, सुनील पाठक, पवन प्रीत सेठी, हिमांशु कोठारी, दीपक बिष्ट सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।

उत्तराखंड