खबरें शेयर करें -

24.92 करोड़ का बजट पास, किसानों को 1.60 करोड़ का ब्याजमुक्त ऋण; 8% लाभांश की घोषणा!

दर्पण न्यूज 24/7 संवाददाता लालकुआं ।

बहुउद्देशीय किसान सेवा सहकारी समिति मोटाहल्दू के 47वें वार्षिक अधिवेशन में किसानों और समिति सदस्यों के हित में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। अधिवेशन में समिति का 24.92 करोड़ रुपये का बजट पारित किया गया, जबकि दीनदयाल उपाध्याय किसान कल्याण योजना के तहत पशुपालन, महिला समूह, भवन मरम्मत और कुटीर उद्योग जैसी गतिविधियों के लिए 1.60 करोड़ रुपये का ब्याजमुक्त ऋण वितरित किए जाने की जानकारी दी गई। समिति ने वर्ष के लाभ से सदस्यों को 8 प्रतिशत लाभांश देने की भी घोषणा की।
मोटाहल्दू स्थित बैंक्वेट हॉल में आयोजित अधिवेशन को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि लालकुआं विधायक डा. मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि किसान देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। किसानों की मेहनत से कृषि क्षेत्र मजबूत होता है और गांवों की अर्थव्यवस्था को गति मिलती है। उन्होंने कहा कि किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने का सीधा असर पूरे क्षेत्र के विकास पर पड़ता है।
विधायक ने कहा कि सहकारिता किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम है। सहकारी समितियों के जरिए किसानों को कृषि एवं इससे जुड़े कार्यों के लिए ऋण, बैंकिंग सुविधाएं और अन्य आवश्यक सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होती हैं। उन्होंने समिति के माध्यम से किसानों के हित में संचालित योजनाओं को महत्वपूर्ण बताया।
समिति अध्यक्ष हेम चंद्र दुर्गापाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में समिति के वित्तीय कामकाज, सदस्यों के हित और आगामी गतिविधियों से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा की गई। अधिवेशन में एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव विशेष आमसभा में रखा गया, जिसमें नई समिति के साथ परिसंपत्तियों का बंटवारा नहीं करने का निर्णय लिया गया। इस प्रस्ताव पर विधायक डा. मोहन सिंह बिष्ट समेत सदस्यों ने चर्चा के बाद सहमति जताई।
अधिवेशन के दौरान बैंक अधिकारियों ने समिति परिसर में माइक्रो एटीएम का उद्घाटन भी किया। इससे समिति के सदस्यों और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है।
कार्यक्रम का संचालन समिति के लेखाकार प्रकाश जोशी एवं प्रबंध निदेशक विपिन भट्ट ने किया। अधिवेशन में समिति के संचालक मंडल के सदस्यों, विभागीय एवं बैंक अधिकारियों तथा समिति के सदस्यों ने प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य दीपा चंदोला,भाजपा नेता ग्राम प्रधान रमेश चंद जोशी, पूर्व प्रधान विपिन चंद्र जोशी, किशनपुर सकुलिया की प्रधान पुष्पा जोशी, इफको के क्षेत्र अधिकारी दीपक आर्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य हरीश कबडाल, हरीश भट्ट, विक्की पाठक समेत तमाम जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।