








भारी बारिश के ऑरेंज अलर्ट के चलते कल जिले के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों में एक दिन का अवकाश घोषित!
दर्पण न्यूज 24/7 नैनीताल। मौसम विभाग की ओर से 14 अगस्त को जनपद नैनीताल में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने जिले के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों में एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया है। इसके साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी शुक्रवार को बंद रहेंगे।
जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ललित मोहन रयाल ने 13 अगस्त को जारी आदेश में बताया कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 14 अगस्त को जनपद में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। बारिश के कारण नदियों, नालों और गधेरों में तेज जलप्रवाह तथा संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका को देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के दृष्टिगत यह निर्णय लिया गया है।आदेश के अनुसार कक्षा एक से 12वीं तक संचालित सभी शैक्षणिक संस्थान 14 अगस्त को बंद रहेंगे। विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक एवं कार्यालय स्टाफ को भी अवकाश अनुमन्य रहेगा। इसी प्रकार जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी अवकाश रहेगा। हालांकि, नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित उन आवासीय शिक्षण संस्थानों पर यह आदेश लागू नहीं होगा, जहां विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध है, जिला प्रशासन ने मुख्य शिक्षाधिकारी नैनीताल एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
जिला प्रशासन ने मौसम की स्थिति को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने तथा नदी-नालों और संवेदनशील स्थानों के आसपास अनावश्यक आवागमन से बचने की अपील की है।
