खबरें शेयर करें -

 

एचपीवी टीकाकरण से दूर होगा बीमारी का खतरा, छात्राओं को किया जागरूक

दर्पण न्यूज 24/7 संवाददाता, लालकुआं।

एचपीवी संक्रमण और उससे होने वाली गंभीर बीमारियों से बचाव को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। सोमवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी नैनीताल डॉ. रश्मि पंत ने राजकीय कन्या इंटर कॉलेज धौलाखेड़ा, मोटाहल्दू पहुंचकर प्रधानाचार्य, शिक्षकों और छात्राओं के साथ एचपीवी टीकाकरण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम किया।

डॉ. पंत ने शिक्षकों और छात्राओं को एचपीवी संक्रमण, वैक्सीन के महत्व और इसके लाभों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि टीके को लेकर किसी भी तरह की भ्रांतियों पर विश्वास न करते हुए वैज्ञानिक तथ्यों और चिकित्सकीय सलाह को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने पात्र बालिकाओं को टीकाकरण के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि समय पर टीकाकरण भविष्य में एचपीवी संक्रमण से होने वाली गंभीर बीमारियों, विशेषकर सर्वाइकल कैंसर से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

इसके बाद सीएमओ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फुटकुआं पहुंचीं, जहां वह अपने अभिभावकों के साथ एचपीवी टीकाकरण कराने पहुंचे दिल्ली पब्लिक स्कूल हल्द्वानी और विजडम स्कूल हल्द्वानी के बच्चों से मिलीं। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन किया और अभिभावकों की जागरूकता की सराहना की।

मोटाहल्दू और लालकुआं स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण

सीएमओ ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोटाहल्दू और लालकुआं का स्थलीय निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित चिकित्सा अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यवस्थाएं बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एचपीवी टीकाकरण, गर्भावस्था देखभाल, टीबी मुक्त भारत अभियान, जलजनित रोगों, डेंगू और मलेरिया समेत विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। सीएमओ ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत संचालित सभी पोर्टलों पर लाभार्थियों और कार्यक्रमों से संबंधित आंकड़े समयबद्ध रूप से अपडेट करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य योजनाओं की सफलता केवल सेवाएं संचालित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि नियमित निगरानी, सही समय पर डेटा अपडेट और जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन भी जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए गंभीरता से कार्य करने को कहा।

उत्तराखंड