








नैनीताल में कल बंद रहेंगे सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र, डीएम ने जारी किए आदेश।
मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के बाद जिला प्रशासन का बड़ा फैसला, कक्षा 1 से 12 तक के सभी शैक्षणिक संस्थानों में रहेगा एक दिवसीय अवकाश।
नैनीताल। जिले में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग द्वारा 02 सितंबर को जारी किए गए ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा फैसला लिया है। जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ललित मोहन रयाल ने कल 02 सितंबर 2026 (बुधवार) को नैनीताल जिले के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।
जारी आदेश के अनुसार, यह अवकाश कक्षा 01 से 12 तक संचालित सभी शैक्षणिक संस्थानों के साथ ही जिले के समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों पर लागू रहेगा। विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक एवं कार्यालय स्टाफ को भी अवकाश अनुमन्य रहेगा।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 02 सितंबर को जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना है। वर्तमान में जिले के पर्वतीय एवं मैदानी क्षेत्रों में वर्षा होने के कारण नदियों, नालों और गधेरों में तेज जल प्रवाह तथा संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित उन आवासीय शैक्षणिक संस्थानों एवं विद्यालयों पर लागू नहीं होगा, जहां विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं।
मुख्य शिक्षाधिकारी, नैनीताल एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का सभी संबंधित शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश का उल्लंघन होने की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
दर्पण न्यूज 24/7 | नैनीताल
