खबरें शेयर करें -

ज्योलिकोट में जल जनित रोगों को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, रोज अलग-अलग क्षेत्रों में लगेंगे स्वास्थ्य शिविर।

दर्पण न्यूज 24/7 नैनीताल। ज्योलिकोट क्षेत्र में जल जनित रोगों की स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और उपचार व्यवस्था तेज कर दी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी नैनीताल डॉ. रश्मि पंत ने मंगलवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलिकोट पहुंचकर क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य टीमों को प्रभावित क्षेत्रों में लगातार सक्रिय रहने और लोगों की जांच के साथ तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

सीएमओ ने ज्योलिकोट क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर प्रतिदिन स्वास्थ्य शिविर लगाने के निर्देश दिए हैं। इन शिविरों में लोगों के स्वास्थ्य की जांच, आवश्यक दवाओं का वितरण और बीमारी से बचाव को लेकर चिकित्सकीय परामर्श दिया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से ओआरएस, जिंक और एल्बेंडाजोल जैसी आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

इसके साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में पानी के नमूनों की नियमित जांच और क्लोरीनेशन कराने पर भी जोर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें मरीजों की काउंसलिंग कर उन्हें बीमारी के लक्षण, उपचार और बचाव के उपायों की जानकारी भी देंगी।

2 सितंबर को इन क्षेत्रों में लगेंगे स्वास्थ्य शिविर

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि 02 सितंबर को छड़ा, वीरभट्ठी, ज्योलिकोट और सड़ियाताल में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा और जरूरत के अनुसार दवाएं उपलब्ध कराने के साथ चिकित्सकीय परामर्श दिया जाएगा।

किसी मरीज की हालत गंभीर या आपातकालीन पाए जाने पर उसे 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से बीडी पांडे जिला चिकित्सालय नैनीताल, बेस चिकित्सालय हल्द्वानी अथवा सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी रेफर किया जाएगा।

इन क्षेत्रों पर विशेष निगरानी

जल जनित रोगों की स्थिति को देखते हुए बेलवाखान, ब्लूटी, छड़ा, गांजा, चोपड़ा, कृष्णापुर, वीरभट्ठी और गेठिया क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग विशेष निगरानी रख रहा है। जिला सर्विलांस अधिकारी की टीम लगातार क्षेत्र की स्थिति पर नजर रखेगी, जबकि प्रभारी चिकित्सा अधिकारी प्रतिदिन की रिपोर्ट मुख्य चिकित्सा अधिकारी को उपलब्ध कराएंगे।

लोगों से सावधानी बरतने की अपील

सीएमओ डॉ. रश्मि पंत ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि पानी को अच्छी तरह उबालकर ही पिएं। फल और सब्जियों को साफ पानी से अच्छी तरह धोने के बाद ही इस्तेमाल करें। उन्होंने कहा कि उल्टी-दस्त, पेट दर्द, बुखार या अन्य स्वास्थ्य संबंधी लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतें और तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराकर चिकित्सकीय परामर्श लें।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहेंगी और रोगों की स्थिति पर प्रतिदिन निगरानी रखते हुए आवश्यकता के अनुसार स्वास्थ्य सेवाएं एवं दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

निरीक्षण के दौरान डॉ. हेमंत मर्तोलिया, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी भीमताल, डॉ. गर्वित, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ज्योलिकोट, डॉ. मनोज कांडपाल, जिला सर्विलांस अधिकारी सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं चिकित्सालय स्टाफ मौजूद रहा।

दर्पण न्यूज 24/7 | जनहित में जारी

उत्तराखंड